चने का सत्यापन में त्रुटि होने से किसान समर्थन मूल्य पर नहीं बेच पा रहे चना।
किसानों ने अधिकारियों पर लगाया सत्यापन में गलती करने का आरोप
भास्कर संवाददाता| मुलताई
समर्थन मूल्य पर चना बेचने के लिए पंजीयन कराने के बाद भी क्षेत्र के डेढ़ सौ से ज्यादा किसानों को अभी तक चना बेचने का मैसेज नहीं मिला है। एसएमएस नहीं मिलने की शिकायत लेकर जब किसान खरीदी केंद्र पहुंचे तो पता चला कि पोर्टल पर किसानों का उत्पादन शून्य दर्शाया गया है। जिसके चलते किसानों को एसएमएस नहीं आ रहा है। अब किसान चना बेचने के लिए परेशान हो रहे हैं।
30 मई तक समर्थन मूल्य पर चने की खरीदी होगी। ऐसे में पंजीयन का सत्यापन सही नहीं हुआ तो किसान समर्थन मूल्य पर चना नहीं बेच सकेंगे। समर्थन मूल्य पर 4400 रुपए प्रतिक्विंटल सौ रुपए बोनस के हिसाब से चने की खरीदी हो रही है। डेढ़ सौ किसानों के पंजीयन के सत्यापन में गलती होने से किसान चना नहीं बेच पा रहे हैं। सोमवार को किसानों ने इसकी शिकायत एसडीएम राजेश शाह से की। किसान संजय अग्रवाल, अनिल पंवार ने बताया समर्थन मूल्य पर चने की बिक्री का पंजीयन शासन ने कराया। रकबे के हिसाब से चने की मात्रा निर्धारित है। पंजीयन होने के बाद चना बेचने पहुंचे तो कंप्यूटर पर पोर्टल में चने की मात्रा शून्य दिख रही है। जिसके कारण चने की खरीदी के लिए ना मैसेज अाया नाहीं बिक्री हो पा रही है। एसडीएम ने बताया तकनीकी खराबी के कारण ऐसा हुआ है। इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी जाएगी। कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी ममता सिरसाम ने बताया जिन किसानों की शिकायत आ रही है उनके दोबारा सत्यापन होंगे।