धीमी गति से चल रहा टू लेन का निर्माण, चालक परेशान
आठनेर| एक अरब की लागत से मुलताई -आठनेर होकर भैसदेही तक बन रही टू लेन सीसी सड़क का काम धीमी गति से चल रहा है। धीमी गति से निर्माण होने से शहर की सीमा में 2 किमी से ज्यादा का हिस्सा जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो गया है। रास्ते पर बड़े-बड़े गड्ढे और धूल होने से वाहन चालकों को परेशान होना पड़ रहा है। सड़क पर फैले पत्थर और गिटटी दुर्घटना का कारण बन रही है। भैसदेही रोड के पेट्रोल पंप से मुलताई रोड के पेट्रोल पंप तक सड़क अधूरी है। निर्माण कंपनी ने काम रोक दिया है। एक माह से ज्यादा समय बीतने के बाद भी सड़क अधूरी है। आदित्य सिक्केवाल, निखिल सोनी ने बताया बारिश के पहले सड़क नहीं बनने से रास्ता कीचड़ भरा हो जाएगा। बाइक फिसलने से घायल हुए राकेश ढोमने ने बताया रास्ते पर संकेतक नहीं हैं। खराब सड़क पर दुर्घटनाएं हो रही हैं। नागरिकों ने रोड निर्माण कंपनी और पीडब्ल्यूडी विभाग से सड़क का काम बारिश के पहले पूरा करने की मांग की है।