पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • क्षेत्र को हराभरा करने 12 साल में लगाए 1200 पौधे, 80% जीवित

क्षेत्र को हराभरा करने 12 साल में लगाए 1200 पौधे, 80% जीवित

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
एक्सीलेंस स्कूल में पदस्थ शिक्षक आरके मालवीय को पौधे लगाने का जुनून है। पिछले 12 सालों से वे सरकारी जमीन पर पौधे रोपने का अभियान चला रहे हैं। वे अपने वेतन से पौधे खरीदते हैं और उनकी सुरक्षा के भी इंतजाम करते हैं। शिक्षक के इस कार्य में अब उनके साथ लोग जुड़ने लगे हैं। शिक्षक मालवीय ने पूरे क्षेत्र को हराभरा करने का संकल्प लिया है। संकल्प को पूरा करने के लिए रोज सुबह पौधे लगाने के साथ उनको पानी देने निकल जाते हैं। श्री मालवीय ने बताया दस सालों में 1200 से अधिक पौधे लगा चुके हैं। जिसमें से 80 प्रतिशत पौधे जीवित हैं। अधिकांश पौधे अब पेड़ बनकर राहगीरों को छाया दे रहे हैं। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

एक्सीलेंस स्कूल में पदस्थ शिक्षक, सरकारी जमीन पर स्वयं के खर्च पर पौधे लगाकर करते हैं देखरेख, अब पेड़ बनकर राहगीरों को दे रहे छाया

मुलताई। ग्राम सांडिया में दो एकड़ में लगाए पौधों की देखभाल करते शिक्षक आरके मालवीय और उनके साथी।

छात्रों का उदास चेहरा देखकर शुरू

किया अभियान

शिक्षक आरके मालवीय ने बताया एक्सीलेंस स्कूल में पदस्थापना के बाद स्कूल परिसर में छात्र-छात्राओं को पौधे रोपते देखा था। छात्र-छात्राएं पौधों की देखरेख करते थे। गर्मी में पौधे पानी की कमी से सूख गए। इसके बाद छात्र-छात्राएं निराश हो गए। उनकी निराशा देखकर उन्होंने परिसर में एक दर्जन पौधे लगाए और देखरेख करना शुरू कर दिया। गर्मी में पौधों को पानी देने स्वयं आते थे। पौधों की सुरक्षा के लिए सेवानिवृत्त शिक्षक एमके वर्मा ने ट्री गार्ड दिए। स्कूल परिसर में पौधे पनपने के बाद उन्होंने इसे अभियान बना लिया। इसके बाद उन्होंने कन्या स्कूल परिसर, छोटे तालाब के किनारे, बड़े हनुमान मंदिर के पास, श्मशान घाट, ज्ञान मंदिर परिसर, पटेल वार्ड सहित अन्य स्थानों पर पौधे लगाए। वर्तमान में अधिकांश स्थान पर पौधे पनप कर पेड़ बन गए हैं।

साथियों की मदद से दो स्थान पर

बना दिया बगीचा

शिक्षक मालवीय के पर्यावरण के प्रति प्रेम को देखकर उनके साथी भी उनका साथ देने में जुट गए। 26 जुलाई 2017 को ताप्ती प्रचार समिति और अध्यापक संघ के सहयोग से नगर से 9 किमी दूर ग्राम सांडिया में दो एकड़ में 500 पौधों का रोपण किया। वर्तमान में इस स्थान पर 90 प्रतिशत पौधे पनप गए हैं। श्री मालवीय के साथ ताप्ती प्रचार समिति के राजू पाटनकर, शिक्षक गिरीश साहू, जितेंद्र खन्ना, विजय साहू, चिंटू खन्ना ग्राम सांडिया के उपसरपंच भोजराव वागद्रे, मुकेश मालवीय, सुभाष गावंडे, सुभाष भुजाड़े पौधों को पानी देने सहित देखरेख करने पहुंचते हैं। श्री मालवीय ने बताया मासोद रोड पर स्थित ज्ञान मंदिर परिसर में भी साधकों के साथ मिलकर बगीचे का निर्माण किया है।

खबरें और भी हैं...