ग्राम मोरखा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और हाट बाजार का रविवार को प्रभारी मंत्री लालसिंह आर्य ने लोकार्पण किया। इस दौरान मंच पर गांव की महिलाओं ने पहुंचकर प्रभारी मंत्री से बस स्टैंड के पास स्थित शराब दुकान को हटाने की मांग रखी। नशा मुक्ति अभियान चलाने वाली चैनवती रघुवंशी, ममता मोहबे, कांति मोहबे सहित अन्य महिलाओं ने प्रभारी मंत्री को बताया बस स्टॉप के पास शराब दुकान है। जहां सुबह से लेकर देर रात तक शराबियों का जमावड़ा रहता है। यहां से दुकान को हटाया जाना चाहिए। प्रभारी मंत्री ने आंबेडकर भवन के लिए दस लाख रुपए देने की घोषणा के साथ मोरखा के बस स्टैंड का सीमेंटीकरण, हायर सेकंडरी स्कूल के भवन, कोहपानी, कुजबा मोरखा मार्ग के निर्माण की भी घोषणा की। सांसद ज्योति धुर्वे, विधायक चैतराम मानेकर ने भी अपने विचार रखे। अधिवक्ता बलरामसिंह रघुवंशी ने क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। मंच संचालन किशन सिंह रघुवंशी और आभार प्रदर्शन कैलाश वर्मा ने किया।
आयोजन
मोरखा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और हाट बाजार का प्रभारी मंत्री लालसिंह आर्य ने किया लोकार्पण
मुलताई। प्रभारी मंत्री से शराब दुकान हटाने की मांग करतीं महिलाएं।
एसडीओपी कार्यालय का लोकार्पण कर कहा इमानदार चौकीदार हैं मुलताई विधायक
मुलताई में प्रभारी मंत्री ने 23 लाख की लागत से बने एसडीओपी कार्यालय भवन और मासोद में 21 लाख रुपए से बने पुलिस चौकी भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने विधायक चंद्रशेखर देशमुख का नाम लेते हुए कहा यहां की जनता ने इमानदार चौकीदार चुना है। विधायक देशमुख मंत्रियों और अधिकारियों से मिलकर लगातार क्षेत्र की समस्याओं को दूर करने में जुटे हुए हैं। सांसद ज्योति धुर्वे ने केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के बारे में उपस्थित लोगों को जानकारी दी। विधायक चंद्रशेखर देशमुख ने प्रभारी मंत्री से मासोद पुलिस चौकी को थाने का दर्जा देने, सालबर्डी में पुलिस चौकी शुरू करने की मांग रखी। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र कपूर, जिपं सदस्य राजा पवार, जिपं सदस्य हरिराम नागले, नपाध्यक्ष हेमंत शर्मा, उपाध्यक्ष रेखा शिवहरे, मनीष माथनकर, एसपी डीआर तेनीवार, एसडीओपी अनिल कुमार शुक्ला, टीआई आरएस चौहान सहित भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे। मंच संचालन सुशील पौनीकर ने किया।