तीन पलटी खाकर पुलिया के नीचे गिरी जीप, ड्राइवर घायल
मुलताई| हेटीखापा मार्ग पर रविवार शाम को अनियंत्रित जीप तीन पलटी खाकर पुलिया के नीचे गिर गई। घटना में ड्राइवर घायल हो गया। सूचना पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और ड्राइवर को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया। आंबेडकर वार्ड निवासी अशोक पवार जीप लेकर मुलताई से हेटीखापा जा रहा था। नेशनल हाईवे के बायपास से जाने वाले हेटीखापा मार्ग पर जीप अनियंत्रित होकर तीन पलटी खाते हुए पुलिया के नीचे गिर गई। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। मनोज साबले और सुधाकर फाटे एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से ड्राइवर अशोक अशोक को बाहर निकाला। उसके सिर और चेहरे पर चोट आईं हैं।