युवाओं ने गोद लिया सेंदूरजना गांव ग्रामीणों की सुनी समस्याएं
मुलताई| प्रभातपट्टन ब्लॉक के सेंदूरजना गांव को एक नया परिंदा समिति के युवाओं ने गोद लेकर विकास की कार्ययोजना तैयार की। समिति के युवाओं ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों की समस्या सुनी। इसके बाद ग्राम पंचायत भवन में बैठक लेकर समस्या के समाधान के लिए मिलकर कार्य करने की बात कही। ग्रामीणों ने युवाओं को गांव के विकास में हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। समिति के शुभम पंडाग्रे, अमन शुक्ला, अब्दुल काइद, राबिनसिंह परिहार, स्नेहल दुबे, मयंक यादव सहित अन्य युवा गांव पहुंचे। गांव में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं। ग्रामीणों ने पानी और स्ट्रीट लाइट नहीं होने की समस्या बताई। युवाओं ने ग्राम पंचायत सरपंच गिरीश निरापुरे से चर्चा और समस्या के समाधान की योजना बनाई। युवाओं ने गांव में सफाई अभियान चलाकर गंदगी दूर करने का निर्णय लिया। युवाओं ने कहा कचरे के ढेर को हटाया जाएगा। इसके बाद कोई भी मार्ग के किनारे कचरा नहीं डालेगा। स्ट्रीट लाइट के लिए युवाओं ने सभी को स्वेच्छानुसार राशि देने की बात कही। ग्रामीणों ने इसका समर्थन करते हुए मिलकर गांव का विकास करने का संकल्प लिया।