- Hindi News
- National
- मां से विवाद के बाद नशे में धुत युवक ने मंदिरों में मचाया उत्पात, तोड़ी प्रतिमाएं
मां से विवाद के बाद नशे में धुत युवक ने मंदिरों में मचाया उत्पात, तोड़ी प्रतिमाएं
प्रभात पट्टन के अमरावतीघाट गांव में एक नशेड़ी युवक ने रात में पहले तो अपनी मां से विवाद किया इसके बाद गांव के मंदिरों में उत्पात मचाया। चंद्रप्रकाश उर्फ चंद्रया बारमासे नशे का आदी है। रात में उसका अपनी मां मालू बाई से विवाद हो गया। इसके बाद उसने घर से निकलकर रास्ते में खड़ी दो स्कूल बस, पिकअप वाहन वाहनों के कांच फोड़े और बाजार चौक में स्थित गजानन महाराज मंदिर पहुंच गया। मंदिर में लोहे के चिमटे से उसने गजानन महाराज की प्रतिमा को खंडित कर दिया। राम मंदिर, अंबा मंदिर और शिव मंदिर के गृभगृह के गेट पर लगे ताला तोड़ने का प्रयास भी किया। ताला नहीं टूटा तो चंद्रया ने मंदिर परिसर में लगी फोटो और अन्य सामग्री को नुकसान पहुंचाया।
मंदिर में सो रहे नामदेवराव नाडेकर ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने मंदिर पहुंचकर चंद्रया को पकड़ा और पुलिस को सूचना दी। एसडीओपी अनिल कुमार शुक्ला, टीआई आरएस चौहान टीम के साथ मौके पर पहुंचे और अमरावती घाट पर रहनेे वाले चंद्रया को पकड़कर थाने लाए। पुलिस ने चंद्रया के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मुलताई। सेमरिया पहाड़ी पर स्थित मंदिर में शिव प्रतिमा को अज्ञात ने तोड़ा
मुलताई। अमरावती घाट के गजानन मंदिर की प्रतिमा को नशेड़ी युवक ने तोड़ा।
अज्ञात ने तोड़ी शिव, गणेश और
नंदी की प्रतिमा
मुलताई के सेमिरया गांव से डेढ़ किमी दूर पहाड़ी पर स्थित शिव मंदिर में भी अज्ञात ने त्रिशूल से शिव, गणेश और नंदी की प्रतिमा तोड़ दी है। घटना के बाद ग्रामीणों में रोष है। रविवार को सुबह मंदिर के पुजारी मनोहर चिल्हाटे पूजन के लिए पहुंचे तो मंदिर में टूटी प्रतिमाएं देखीं। पुजारी ने इसकी सूचना शिव उत्सव समिति के सदस्यों को दी। सूचना पर ग्रामीणों ने मंदिर पहुंचकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही एसडीओपी अनिल कुमार शुक्ला और टीआई आरएस चौहान ने ग्रामवासियों को प्रतिमा तोड़ने वाले का पता लगाकर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए।
शेगांव से गजानन और नागपुर से आएगी भगवान शिव प्रतिमा
अमरावती घाट में दस साल पुरानी गजानन महाराज की प्रतिमा टूटने के बाद अब नई प्रतिमा स्थापित की जाएगी। प्रतिमा लाने के लिए श्रद्धालु शेगांव रवाना हुए। सेमरिया के शिव मंदिर में शिव, गणेश और नंदी की नई प्रतिमा की सोमवार को प्राण प्रतिष्ठा होगी। प्रतिमा नागपुर से लाई जा रही है। इसके लिए ग्रामीणों ने चंदा एकत्र किया है।