दो बाइकों की भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत
अलवर| मुंडावर थाना क्षेत्र में गांव पीपली रोड स्थित गांव सियाखोह बस स्टैंड के पास गुरुवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसमें 45 वर्षीय बाइक सवार रामखिलाड़ी उर्फ पप्पू गुर्जर की मौत हो गई, जबकि दूसरा बाइक चालक सुभाष गुर्जर गंभीर घायल हो गया। राहगीरों ने घायल रामखिलाड़ी पुत्र ज्ञानीराम गुर्जर व सुभाष गुर्जर निवासी नांगल रानियां को सीएचसी मुंडावर में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने रामखिलाड़ी पप्पू की तबीयत अधिक खराब होने पर उसे देर रात अलवर के राजीव गांधी सामान्य अस्पताल रैफर कर दिया। अलवर लाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाधिकारी वीरसिंह गुर्जर ने बताया कि रामखिलाड़ी गुर्जर बाइक से घर जा रहा था। इस दौरान सामने से आ रहे बाइक सवार सुभाष व रामखिलाड़ी की बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इससे यह हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि अभी किसी भी पक्ष ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है।