पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • पोस्ट ऑफिस से भेजी गईं उत्तर पुस्तिकाएं 12 घंटे रहीं गायब, सुबह पहुंचीं अशोकनगर तो डिस्पैच गलत होने के कारण वापस लौटाईं

पोस्ट ऑफिस से भेजी गईं उत्तर पुस्तिकाएं 12 घंटे रहीं गायब, सुबह पहुंचीं अशोकनगर तो डिस्पैच गलत होने के कारण वापस लौटाईं

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता| मुंगावली/ अशोकनगर

मुंगावली केन्द्रीय विद्यालय में चल रहीं कक्षा 12वीं एनआईओएस प्रणाली की उत्तरपुस्तिकाओं के रात भर एक डाक कर्मचारी के पास रखने का मामला सामने आया है। इस मामले में लोगों का आरोप है कि डाक कर्मचारी की मिलीभगत के चलते रात के समय इन उत्तरपुस्तिकाओं को एक स्थान पर भरा जाता है जिससे बच्चे पास हो जाएं, बाद में सुबह इनको ग्वालियर के लिए डिस्पैच किया जाता है। सोमवार को परीक्षा के बाद शाम को डाक कर्मचारी उत्तरपुस्तिकाएं अपने साथ ले गया और सुबह अशोकनगर डाकघर में जमा कराईं, जहां उत्तरपुस्तिकाओं के बंडलों में गड़बड़ी मिलने पर ब्रांच ने उन्हें वापस लौटा दिया। मामले की जानकारी शिक्षा विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को लगने के बाद अब पूरे मामले की जांच शुरू हो गई है।

एनआईओएस प्रणाली की उत्तरपुस्तिकाओं के पोस्ट ऑफिस से गायब रहने के संदेह में रात भर पुलिस और शिक्षा विभाग ने निगरानी की

तहसीलदार के पहुंचने पर नहीं खुला डाकघर

मुंगावली केन्द्रीय विद्यालय में 5 अप्रैल से कक्षा 12वीं की एनआईओएस प्रणाली से परीक्षाएं चल रही हैं। इस प्रणाली की परीक्षा में 74 छात्र-छात्राएं परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा के बाद स्कूल द्वारा उत्तरपुस्तिकाएं पोस्ट ऑफिस में जमा कराई जाती हैं जहां से ग्वालियर के लिए डाक डिस्पैच की जाती है। सोमवार को परीक्षा के बाद उत्तरपुस्तिकाओं को पोस्ट ऑफिस में जमा तो किया गया लेकिन डिस्पैच उत्तरपुस्तिकाएं रात भर कर्मचारी संतोष अहिरवार जो जीडीएस के पद पर है, उसके पास रहीं। शाम को जब प्रशासन को मामले की सूचना लगी तो तहसीलदार नीना गौर ने पोस्ट ऑफिस पहुंचकर गेट खुलवाने का प्रयास किया लेकिन डाकघर नहीं खुल सका। इसके बाद पुलिस और शिक्षा विभाग के कर्मचारियों को रात भर निगरानी के निर्देश देकर वे चली गईं।

कर्मचारी बोला-रात में किए थे जमा

सुबह 9 बजे बीईओ नरेन्द्र बैस ने पोस्ट मास्टर को बुलाया। पोस्ट मास्टर के पहुंचने पर तहसीलदार श्रीमती गौर को बुलाया गया। जब उन्होंने पोस्ट मास्टर से बातचीत की तो पोस्ट मास्टर ने बताया कि उत्तरपुस्तिकाओं के दो बंडल डिस्पैच कर दिए थे और इन पार्सल को जीडीएस संतोष अहिरवार लेकर गया था। जब डिस्पैच बंडलों की जानकारी श्री अहिरवार से ली तो उनका कहना था कि रात को साढ़े आठ बजे दोनों बंडल अशोकनगर में जमा कर दिए गए। जब श्री अहिरवार की बात पर सच्चाई जानने के लिए अशोकनगर ब्रांच तहसीलदार ने फोन लगाया तो पता चला कि सुबह बंडल पहुंचे थे लेकिन उनका डिस्पैच गलत था, इसलिए इन्हें वापस कर दिया गया है।

पोस्ट ऑफिस में जांच करती हुई तहसीलदार एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी।

बड़ा सवाल... कहां रहीं उत्तर पुस्तिकाएं

मुंगावली में पदस्थ कर्मचारी रात 8.30 बजे उत्तरपुस्तिकाएं जमा करने का दावा कर रहा है, वहीं अशोकनगर ब्रांच बंडल सुबह लाने पर वापस लौटाने की बात कह रहा है तो सवाल यह उठता है कि 12 घंटे तक उत्तरपुस्तिकाओं के गोपनीय बंडल कहां रहे।

सुबह तहसीलदार की मौजूदगी में हुई पूछताछ तो हुआ खुलासा

जांच के बाद पता चलेगी सच्चाई

उत्तरपुस्तिकाएं बाहर जाने की जानकारी मिली थी जिसके बाद पोस्ट ऑफिस पहुंचकर पूछताछ की। मामला संदेहास्पद लग रहा है। जांच के बाद भी पता लगेगा कि सच्चाई क्या है। नीना गौर, तहसीलदार मुंगावली।

खबरें और भी हैं...