बिजली लाइन नीची होने के कारण छह महीने से बंद पड़ा पीएम आवास कार्य
भास्कर संवाददाता | मुंगावली
शहर में बन रहे पीएम आवास का निर्माण कार्य बिजली की लाइन की कम ऊंचाई के कारण छह महीने से बंद पड़ा है। इसकी शिकायत रहवासियों ने बुधवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचकर एसडीएम से की। शिकायत में लोगों ने बताया कि उनके पीएम आवास का कार्य छह महीने से रुका हुआ है। आवास का निर्माण नहीं होने से उन्हें बारिश के समय परेशानी होगी।
शिकायत में लोगों ने कहा कि जब हम बिजली वितरण कंपनी में तार को शिफ्ट कराने के लिए आवेदन देने गए तो बिजली कंपनी के अधिकारियों ने हमें स्टीमेट बनाकर दे दिया। लोगों ने बताया कि स्टीमेट में दिया गया खर्च में उनकी एक किश्त चली जाएगी। इसके लिए लोगों ने एसडीएम रवीश श्रीवास्तव को अपनी समस्या सुनाई। इस पर श्री श्रीवास्तव ने लोगों से कहा कि स्टीमेट का पैसा बिजली वितरण कंपनी को नगर परिषद द्वारा दिया जाएगा। उन्होंने तत्काल नगर परिषद के कर्मचारियों को बुलवाकर लोगों की समस्या से अवगत कराया। इस पर नगर परिषद के अब्दुल सगीर ने बताया कि इसका पूरा पैसा नगर परिषद द्वारा दिया जाएगा। इस मौके पर सोमत केवट मौजूद थे।
रहवासियों ने की एसडीएम से शिकायत