मल्हारगढ़ रोड पर दिन भर उड़ रहे धूल के गुबार, घर के बाहर खड़े होना मुश्किल
भास्कर संवाददाता | मुंगावली
शहर से गुजरी मल्हारगढ़ रोड पूरी तरह उखड़ गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इस कारण रोड किनारे स्थित मकानों में रहने वाले लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। वहीं दिन भर उड़ने वाली धूल के कारण क्षेत्र में श्वांस और एलर्जी के रोगियों की संख्या भी बढ़ रही है।
मल्हारगढ़ रोड से भारी वाहनों के गुजरने के बाद उड़ने वाले धूल के गुबारों से दोपहिया वाहन चालकों को बड़ी मुश्किल होती है। वाहन चालकों को धूल के यहां से निकल रहे दूसरे वाहनों को देखने में परेशानी होती है। इस कारण इस रोड पर आए दिन दुर्घटनाएं भी होती रहती है। रहवासियों ने बताया कि हमारे घर के सामने वाली सड़क से जब बड़े वाहनों का निकलना होता है तो उस समय घर के बाहर लोगों का खड़ा होना भी मुश्किल हो जाता है। वाहनों से उड़ने वाली धूल सीधी हमारी आंखों व कपड़ों में चढ़ जाती है। वहीं क्षेत्र में श्वांस और एलर्जी के मरीज भी बढ़ रहे हैं। इसके अलावा चाय नाश्ते की दुकानों में रखी खाद्य सामग्री भी धूल के कारण खराब हो जाती है। इसके अलावा दुकानों में रखा सामान भी खराब हो जाता है।
भारी वाहन के निकलते समय सड़क पर उड़ती धूल।