पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • पानी की पाइप लाइन डालने के लिए सड़कें खोदकर छोड़ीं, अब हो रहे हादसे

पानी की पाइप लाइन डालने के लिए सड़कें खोदकर छोड़ीं, अब हो रहे हादसे

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | मुंगावली

शहर के अधिकांश मार्गों की हालत खराब है। शहर के सीसी और पेवर्स रोड जगह-जगह उखड़ गए हैं। इस कारण मंदिरों में पूजन अर्चन करने के लिए नंगे पैर जाने वाली महिलाएं और अन्य श्रद्धालु कंकड़ पत्थर चूभने के कारण घायल हो रहे हैं। वहीं सड़क पर उखड़ी गिटि्टयों के कारण वाहनों के टायर पंचर हो रहे हैं।

शहर में कुछ मार्गों को छोड़कर शेष मार्गों की स्थिति खराब है। इन मार्गों में लगे पेवर्स घटिया निर्माण सामग्री के कारण क्षतिग्रस्त हो गए। नगर परिषद ने इन मार्गों का निर्माण कार्य ठेकेदारों द्वारा कराया गया था। ठेकेदारों द्वारा निर्माण कार्य में बरती गई अनियमितताओं के कारण शहर के अधिकतर मार्गों में लगे पेवर्स खराब हो गए हैं। इससे यहां से निकलने वाले राहगीर कई बार ठोकर लगने के कारण गिर जाते हैं। वहीं सड़कों पर हुए गड्‌ढों के कारण वाहन चालक भी परेशान हो रहे हैं। सड़कों पर हुए गहरे गड्‌ढों के कारण चार पहिया वाहनों के चैंबर और कमानियां टूट रही हैं। गिटि्टयां लगने से वाहन भी पंचर हो रहे हैं।

गड्‌ढों से चार पहिया वाहनों की कमानियां टूट रही हैं

सड़कों पर हुए गड्‌ढों के कारण दोपहिया, चारपहिया वाहन चालक हो रहे परेशान

शहर के प्रमुख मार्गों पर उखड़े पेवर्स।

इन मार्गों की हालत खराब

नया बाजार, पुराना बाजार, गौड़पुरा रोड, कछियाना मोहल्ला, मातापुरा मोहल्ला, भुजरिया तालाब रोड, वार्ड क्रमांक 6, 7 और 8, किरमानी मोहल्ला, आदर्श कॉलोनी के अलावा शहर की अधिकांश गलियां और मार्गों की हालत खराब है। इन सड़कों में 6 से 8 इंच गहरे गड्‌ढे हो गए हैं। इससे इन मार्गों पर राहगीरों को पैदल चलने में भी परेशानी होती है। सड़कों पर हुए गड्‌ढों के कारण दोपहिया वाहन चालक भी गिर कर चोटिल हो रहे हैं।

लोगों ने खुद खर्च पर ढंकी नालियां

गणेश शंकर विद्यार्थी चौराहे से बस स्टैंड के बनी सड़क के दोनों ओर नालियों का निर्माण ठेकेदार को करना था लेकिन ठेकेदार ने कई जगह नालियों का निर्माण नहीं किया। वहीं जहां पर नालियां बनाई गई थी वहां पर उन्हें खुला ही छोड़ दिया था। इससे रहवासियों और दुकानदारों को बारिश के समय बड़ी परेशानी होती थी। वहीं लोगों को खुली पड़ी नालियों से निकलने में दिक्कत होती थी। रहवासी और दुकानदार अपने स्वयं से व्यय से नालियों को ढंकने व उनकी ऊंचाई बढ़ाने का कार्य किया।

नंगे पैर मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को हो रही परेशानी

शहर के इन मार्गों पर हिंदू व जैन समाज के मंदिर हैं। यह मंदिर माता मोहल्ला, पुराना बाजार, गौडपुरा रोड, सिद्धेश्वर मंदिर, देवी जी का मंदिर आदि स्थानों पर स्थित हैं। इन मंदिरों में सुबह शाम सैकड़ों महिलाएं और पुरुष श्रद्धालु नंगे पैर पूजन अर्चन करने के लिए जाते हैं। नंगे पैर मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के पैर कई बार पत्थर आदि लगने चोटिल हो जाते हैं। त्योहारों और पर्व के दौरान परिषद द्वारा मुख्य मार्गों पर हुए गड्‌ढों को सीमेंट बजरी से भरवा दिया जाता है। इससे बाद में बजरी सड़कों पर फैलने के कारण दोपहिया वाहन, बच्चे और बुजुर्ग फिसलकर गिर रहे हैं।

की जाएगी मरम्मत

अभी पाइप लाइन डिस्ट्रीब्यूशन कार्य किया जा रहा है। इसी के चलते शहर की अधिकांश मार्गों पर खुदाई हो रही है। इस कारण अधिकांश मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इस कार्य के बाद शहर के क्षतिग्रस्त मार्गों का निर्माण कार्य कराया जाएगा। सतीश मटसेनिया, सीएमओ, नगर परिषद मुंगावली

खबरें और भी हैं...