रविश श्रीवास्तव होंगे अशोकनगर के नए एसडीएम, सुमनलता माहौर को चंदेरी और जेपी गुप्ता को मुंगावली एसडीएम किया नियुक्त
भास्कर संवाददाता| अशोकनगर
जाते-जाते पुराने कलेक्टर जिले की प्रशासनिक सर्जरी कर गए। मुंगावली चुनाव में अनुभव की कमी के चलते अशोकनगर एसडीएम बनाई गई सुमनलता माहौर को अब अशोकनगर से चंदेरी एसडीएम पदस्थ किया गया है । वहीं उनके स्थान पर मुंगावली एसडीएम रविश श्रीवास्तव को अशोकनगर एसडीएम बनाया गया है। चंदेरी में पदस्थ एसडीएम जेपी गुप्ता को मुंगावली-पिपरई तहसील में अनुविभागीय अधिकारी पदस्थ किया गया है। वहीं डिप्टी कलेक्टर नीलेश शर्मा को ईसागढ़ और नईसराय एसडीएम की जिम्मेदारी भी दी गई है। यह आदेश कलेक्टर बीएस जामोद ने 16 मई को जारी किए हैं। हालांकि संयुक्त कलेक्टर अखिलेश जैन को उप जिला निर्वाचन अधिकारी सहित विभिन्न शाखाओं की जिम्मेदारी दी गई है।
अशोकनगर नायब तहसीलदार को मंुगावली में पदस्थ किया
एसडीएम की प्रशासनिक सर्जरी के साथ ही तहसीलदारों की अदला बदली की गई है। दीपक कुमार शुक्ला को चंदेरी तहसीलदार पदस्थ किया गया है वहीं नीलम परसेडिया नायब तहसीलदार अशोकनगर को मुंगावली पदस्थ किया गया है। इसी तरह कमल सिंह मंडेलिया को नईसराय से नायब तहसीलदार अशोकनगर और सुनील शर्मा को मुंगावली से प्रभारी तहसीलदार नईसराय पदस्थ किया गया है।