भास्कर संवाददाता | मुंगावली
भीषण गर्मी में लोगों को ठंडा पानी उपलब्ध कराने के लिए पांच वाटर कूलर लगाए जाएंगे। यह वाटर कूलर नगर परिषद द्वारा सांसद निधि से कस्बे के विभिन्न शासकीय कार्यालयों में लगाए जाएंगे। इनमें से दो कूलर न्यायालय परिसर और नगर परिषद कार्यालय में लगा दिए गए हैं।
नगर परिषद के उपयंत्री कुलदीप नरवरिया ने बताया कि सांसद निधि से मंजूर हुए पांच वाटर कूलर तहसील, न्यायालय, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शासकीय अस्पताल, नगर परिषद कार्यालय में रखे जाएंगे। वाटर कूलर के लिए सांसद निधि से अभी तक एक किश्त आ चुकी है। एक कूलर लगभग 30 हजार रुपए की राशि से लगाया जाएगा। इसमें वाटर कूलर के साथ एक वाटर प्यूरीफायर भी लगाया जाएगा। इससे वाटर कूलर में पानी फिल्टर द्वारा साफ होकर आएगा। पांच वाटर कूलर में से दो कूलर लग चुके हैं।
यह कूलर न्यायालय परिसर और नगर परिषद में लगाए जा चुके है। जल्द ही तीन वाटर कूलर तहसील, शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय, शासकीय अस्पताल में रखे जाएंगे। शासकीय कार्यालयों में वाटर कूलर लगने से लोगों को गर्मी के मौसम में पानी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। वहीं कार्यालय में आने वाले लोगों और कर्मचारियों को साफ, स्वच्छ व ठंडा पानी मिलेगा।
सुविधा
सांसद निधि से कस्बे के 5 स्थानों पर लगाए जाएंगे कूलर, न्यायालय व नगर परिषद में लगे दो वाटर कूलर
कार्यालयों में लगे वाटर कूलर से गर्मी में लोगों को ठंडे पानी पीने की सुविधा मिलने लगी है।