भास्कर संवाददाता | मुंगावली
क्षेत्र में गर्मी बढ़ते ही बाजार में फलों की मांग बढ़ने लगी है। फलों की पूर्ति के लिए फल विक्रेता कच्चे फलों को जल्द पकाने के लिए खतरनाक केमिकल का उपयोग कर रहे हैं। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ रहा है। खाद्य एवं औषधि विभाग द्वारा केमिकल और रसायनिक पाउडर का उपयोग कर फल पकाने वाले थोक फल विक्रेताओं पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इन केमिकल का हो रहा उपयोग
फलों के पकाने के लिए थोक व्यापारी एथलीन राइपनर पाउडर अौर कार्बाइड से आम, पपीता, केला व अन्य फलों को पकाया जाता है। इसके पैकेट पर चेतावनी लिखी होती है कि खाद्य पदार्थ के संपर्क में आने पर स्वास्थ्य पर जानलेवा होता है। डॉक्टरों के मुताबिक कार्बाइड और इथ्रेल से कैंसर हो सकता है। वहीं पानी के संपर्क में आते ही दोनों एथलिन गैस रिलीज करते हैं इससे फल समय से पहले पक जाते हैं।