पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • बायपास के बावजूद शहर के अंदर से जा रहे भारी वाहन, तारों को लकड़ी से ऊंचा कर निकालते हैं

बायपास के बावजूद शहर के अंदर से जा रहे भारी वाहन, तारों को लकड़ी से ऊंचा कर निकालते हैं

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | मुंगावली

शहर में चारों तरफ विभिन्न मार्गों को जोड़ने के लिए बायपास बने हुए हैं। इसके बाद भी शहर में दिनभर भारी वाहनों का आना-जाना लगा रहता है। इससे शहर में भारी वाहनों के बिजली के तारों से टकराने के कारण हादसे का डर लगा रहता है। वहीं इन वाहनों के शहर के अंदर से निकलने के कारण दिन भर ट्रैफिक जाम की स्थिति निर्मित होती है।

शहर की मुख्य सड़क के नवनिर्माण के समय ऊंचाई बढ़ गई थी। इससे मुख्य सड़क के ऊपर से गुजरी तारें लटककर नीची हो गईं। इस कारण यहां से गुजरते समय कई बार भारी वाहन तारों से टकरा जाते हैं। इससे हादसे की आशंका रहती है। वहीं कई बार ओव्हरलोड वाहनों को तारों के नीचे से निकालते समय वाहनों के क्लीनर अपनी जान जोखिम में डालकर तारों को लकड़ी की सहायता से ऊंचा करते हैं। इसके बाद वाहनों को तारों के नीचे से निकाला जाता है।

बार-बार लगता है जाम : शहर में ओवरलोड भारी वाहनों के प्रवेश के कारण दिन में कई बार जाम की स्थिति निर्मित होती है। इससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं शहर में व्यापारियों द्वारा अपनी दुकानों के आगे भारी वाहनों को खड़ा कर रोजाना लोडिंग अनलोडिंग की जाती है। यह लोग रोजाना भारी वाहनों को सड़क किनारे खड़ा कर सामान उतारते हैं। इससे शहर में ट्रैफिक जाम की स्थिति निर्मित होती है।

तारों को ऊंचा करने से फाल्ट होते हैं जिससे शहर की बिजली भी बंद हो जाती है

मुख्य मार्ग पर सीमेंट, सरिया व्यवसाइयों की दुकानें होने से गाड़ियां अंदर ही खाली होती हैं

तार टूटने से गुल हो जाती है बिजली

नगर परिषद ने जयस्तंभ चौराहे से रेलवे स्टेशन पर सड़क का निर्माण कराया था। निर्माण के कारण सड़क की ऊंचाई कहीं पर डेढ़ फुट कहीं दो से ढाई फीट तक ऊंची हो गई है। इस कारण बिजली लाइनों के घरेलू कनेक्शन, 11 केवी, 33 केवी लाइन की ऊंचाई कम हो गई है। ऐसे में कई बार तार टूट जाती हैं। इससे शहर में घंटों बिजली गुल हो जाती है।

भारी वाहनों के निकलने से टूट जाते हैं बिजली के तार तार

शहर के मुख्य मार्गों से भारी वाहनों के निकलते समय हादसे की आशंका रहती है। इस दौरान ओवरलोड वाहनों के निकलने के कारण कई बार लोगों के घरों में जा रहे बिजली कनेक्शन के तार टूट जाते हैं। तारों के टूटने के कारण कई बार लोगों को करंट लगने की घटनाएं भी हो चुकी है। वहीं तारों के टूटने से रहवासियों को भी परेशानी होती है। कई बार तार टूटने से शहर की बिजली सप्लाई वाली लाइन में अनेक फाल्ट आ जाते हैं।

चालू बिजली की तार को लकड़ी की सहायता से ऊंचाकर वाहन को निकलवाता क्लिनर।

बायपास होने के बाद भी दिनभर निकलते हैं वाहन

चंदेरी से मल्हारगढ़ की ओर जाने वाले वाहन भी शहर में से होकर निकल रहे हैं। यह वाहन चालक दो किमी का अतिरिक्त चक्कर बचाने के लिए शहर से निकल रहे हैं। पूर्व में यह मार्ग कच्चा होने के कारण यहां से भारी वाहन नहीं गुजरते थे। लेकिन इस मार्ग का दो साल पहले निर्माण होने के बावजूद वाहन यहां से नहीं निकल रहे हैं। इससे शहर में रोजाना ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है।

भारी वाहनों का प्रवेश बंद कराया जाएगा

शीघ्र ही एसडीएम व एसडीओपी के साथ बैठक कर भारी वाहनों का शहर में प्रवेश बंद कराया जाएगा। इससे शहर में रोजाना लग रहे जाम से रहवासियों और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी नहीं होगी। सतीश मटसेनिया, सीएमओ नपा मुंगावली

खबरें और भी हैं...