साल भर कीचड़ भरे रास्ते से गुजरना पड़ता है स्कूली बच्चों, राहगीरों को
कस्बा रेंज पंचायत की सड़क पर साल भर कीचड़ भरा रहता है। इससे यहां से निकलने वाले स्कूली बच्चों, राहगीरों, दोपहिया, चार पहिया वाहन चालों को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। रहवासियों ने कई बार जनप्रतिनिधियों, सरपंच, सचिव, जनपद पंचायत के अधिकारियों को इस समस्या के बारे में बताया। इसके बाद भी इस समस्या का निराकरण नहीं हुआ है।
कस्बा रेंज पंचायत की यह सड़क बहादुरपुर रोड से मिडिल स्कूल, खडिया पुरा होती हुई निकलती है। इस रोड पर 12 महीने पानी भरा रहता है। इससे यहां से निकलने वाले राहगीर, स्कूली बच्चे और महिलाओं को परेशानी होती है। यह सड़क कस्बा रेंज की अजीज कॉलोनी की प्रमुख सड़क होते हुए भी आज तक मुरम, खरंजा, सीसी नहीं हुई है। कस्बा रेंज पंचायत में तीन सरपंचों के कार्यकाल निकलने के बाद भी इस सड़क पर आज तक किसी ने ध्यान नहीं दिया है। बारिश के मौसम में इस सड़क से स्थानीय रहवासियों को पैदल निकलने में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़क किनारे रह रहे रहवासी माधोसिंह, जलील खान ने बताया कि गर्मियों में धूल व बारिश में इस मार्ग में कीचड़ हो जाने से हमें भारी परेशानी उठानी पड़ती है। बारिश के मौसम में यहां से निकलते समय स्कूली बच्चे, बुजुर्ग व महिलाएं गिर जाती हैं। इससे उनके कपड़े खराब होने के साथ चोट भी लग जाती है।
सड़क पर भरे कीचड़ से निकलता वाहन।