मुंगावली| क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी के मौसम में जल स्तर लगातार नीचे गिर रहा है। वहीं क्षेत्र की अधिकांश नदियों, तालाबों और गड्ढों में भरा पानी सूख गया है। ऐसे में मवेशियों को पानी के लिए परेशानी हो रही है। मवेशी दिन भर पानी की तलाश में भटकते रहते हैं। मवेशियों को पानी उपलब्ध कराने के लिए ढिचरी गांव में एक किसान सड़क किनारे हुए गड्ढों में अपने निजी ट्यूबवैल से पानी भर रहा है।
पशु पक्षियों की परेशानी को देखते हुए ढिचरी गांव के किसान शिशुपाल सिंह राजपूत ने अपने निजी ट्यूबवैल से पाइन लाइन डालकर सड़क किनारे स्थित गड्ढों को भर दिया जाता है। इससे गांव के पशु पक्षियों गर्मी के समय पानी की समस्या न हो। शिशुपाल सिंह राजपूत ने बताया कि वह यह कार्य पिछले दो साल से कर रहे हैं। गर्मी के समय हमारे गांव का वाटर लेबल हमेशा कम हो जाता है। इससे ग्रामीणों और पशु पक्षियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लेकिन भगवान की कृपा से मेरे ट्यूबवैल में बहुत पानी है। मेरे ट्यूबवैल में गर्मी के समय भी भरपूर पानी रहता है। इस कारण पिछले दो साल से अपने घर के आगे सड़क किनारे बने गड्ढों में पानी भरवा देता हूं। इससे पशु पक्षियों को गर्मी के मौसम में पानी के लिए भटकना नहीं पड़ता है। यहां पर रोजाना करीब 200 से 250 पशु पानी पीने के लिए आते हैं।
सड़क किनारे बने गड्ढों में भरा पानी।