चंबा में पकड़ी चरस मामले में पुलिस ने व्यक्ति के घर में की पूछताछ
नादौन | नादौन क्षेत्र सहित अन्य स्थानों में भी चरस माफिया किस तरह युवाओं को नशे की खेप पहुंचा कर नशेड़ी बना रहा है इसका खुलासा लगभग एक सप्ताह पहले चंबा जिला में चरस की खेप के साथ धरे गए तीन लोगों के पकड़े जाने से हुआ है। एक निजी कार सहित पकड़े गए यह आरोपी गलोड़, धनेटा तथा उट्प क्षेत्र से संबंधित हैं तथा इनसे पुलिस द्वारा चंबा जिला के खैरी थाना के तहत गोली-शेरपुर चौहड़ा मार्ग पर लगाए गए एक नाके के दौरान 1 किलो 666 ग्राम चरस बरामद हुई है। डीएसपी डलहौजी साहिल अरोड़ा ने पुष्टि करते बताया कि क्षेत्र के दो व्यक्ति एक अन्य साथी के साथ निजी कार में चंबा में अपने रिश्तेदार के यहां गए थे तथा चंबा से वापस घर आती बार जब पुलिस ने नाके के दौरान कार की तलाशी लेने पर कार से चरस की खेप बरामद हो गई। उन्होंने बताया कि अदालत के आदेशों पर तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है तथा चरस माफिया के तार नादौन क्षेत्र में भी फैलने की जांच जारी है। उधर अतिरिक्त थाना प्रभारी नादौन राजेश ने पुष्टि करते बताया कि वह एक आरोपी के घर जांच के लिए गए थे। उन्होंने कहा कि पुलिस इस घटना की जांच करने में जुटी हुई है। गौर हो पकड़े गए लोगों में दो व्यक्ति बड़सर थाना क्षेत्र से संबंधित हैं जबकि तीनों ही व्यक्ति नादौन तहसील से ही बताए जा रहे हैं।