नादौन की मार्केट में बना बस स्टैंड अब काफी छोटा पड़ रहा है, इसके विस्तार व सौंदर्यकरण की जरूरत है, जिसके विस्तार के लिए वन भूमि बारे भी विचार किया जा रहा है। नादौन बस स्टैंड के लिए विशेष योजना बनाई जा रही है ताकि लोगों को भी सुविधा रहे और जो लोग कारोबार कर रहे हैं, उनका कारोबार भी प्रभावित न हो।
यह बात पूर्व विधायक एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने यहां जारी प्रेसवार्ता में कही। उनके साथ भाजपा महासचिव पवन शर्मा व प्रवक्ता ओंकार शर्मा भी उपस्थित थे। अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में जयराम सरकार के बनते ही नादौन सहित समूचे प्रदेश में पिछले पांच सालों से रूके विकास कार्यों को गति मिल गई है। समूचे प्रदेश में बिना भेदभाव के तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। गत पांच वर्षों में कांग्रेस सरकार के समय नादौन क्षेत्र की सड़कों की जो दुर्दशा थी, वह किसी से छिपी नहीं है। परंतु नई सरकार के गठन के बाद से ही क्षेत्र की सड़कों को सुधारा जा रहा है। पूरे क्षेत्र में टारिंग का कार्य पूरे जोर से चल रहा है और आने वाले समय में अन्य सड़कों की दशा भी शीघ्र ही सुधारी जाएगी।
उन्होंने बताया कि नादौन क्षेत्र में नई सरकार के गठन के बाद हमीरपुर-बद्दी वाया धनेटा, गलोड़-अंबाला वाया धनेटा, हमीरपुर नादौन वाया कमलाह, धनेटा-शिमला वाया गलोड़, धनेटा-शिमला वाया बड़सर रूटों पर विभाग की बस सेवा आरंभ कर दी गई है, जबकि आने वाले समय कई अन्य रूटों पर भी बस सेवा आरंभ हो जाएगी।