भास्कर न्यूज | गुढ़ाचंद्रजी(हिंडौन सिटी)
कस्बे के समीपवर्ती गांव आंधिया खेड़ा में शनिवार रात को अज्ञात चोर पाटोरपोश घर की पट्टियों को हटा कर लाखों रुपए का जेवर सहित घरेलू सामान ले गए। रविवार को सुबह महिलाओं के जागने पर चोरी का पता चला। चोरी की सूचना लगते ही सैकड़ों लोगों की भीड़ घटना स्थल पर जमा हो गई। लोगों की सूचना पर गुढ़ाचन्द्रजी पुलिस मौके पर पहुंची तथा लोगों से चोरी की घटना की जानकारी ली।
ग्राम पंचायत धौलेटा सरपंच लक्ष्मण गुर्जर, धीरसिंह गुर्जर ने बताया कि शनिवार रात को अज्ञात चोरों ने आंधियाखेड़ा निवासी धनसिंह गुर्जर के पाटोरपोश घर के पीछे से पटि्टयों को हटाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। रात के समय महिलाएं घर के आंगन में तथा पुरुष पास के ही मकान में सो रहे थे। रात्रि को चोरों ने पाटोरपोश घर के पीछे से पटि्टयों को हटा कर घर में प्रवेश किया तथा घर के बक्से को खोल कर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
चोरों ने बक्से में रखे 15 हजार रुपए नकद, सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र, नथ, बाली, चांदी की पायजेब, अंगूठी, चुटकी तथा नए कपड़े सहित लाखों रुपए का घरेलू सामान चुरा ले गए। सुबह महिलाओं ने दरवाजा खोलना चाहा तो दरवाजे के अंदर की कुंदी लगी मिली। महिलाओं ने पाटोरपोश के अंदर देखा तो घर के भीतर सामान बिखर पड़ा दिखा। महिलाओं ने तुरंत चोरी की सूचना परिजनों की दी जिस पर सैकड़ों लोगों की मौके पर भीड़ जमा हो गई। घर के पास के ही खेत में चोरों द्वारा छोड़े गए खाली सूटकेस व कपड़े पड़ मिले।
परिजनों ने बताया कि चोर दो सूटकेसों को पास के ही खेत में खाली पटक गए तथा नकदी, जेवर तथा अन्य सामान से भरे दो सूटकेसों को चुरा ले गए। चोरी की सूचना लगते ही सैकड़ों लोगों की भीड़ घटना स्थल पर जमा हो गई। लोगों की सूचना पर गुढ़ाचन्द्रजी पुलिस चौकी प्रभारी हरभान सिंह डागुर मौके पर पहुंचे तथा लोगों से चोरी की घटना की जानकारी ली। आंधियाखेड़ा निवासी धनसिंह गुर्जर ने नादौती थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गुढ़ाचंद्रजी. आंधिया खेड़ा गांव में चोरी के बाद पाटोरपोश में बिखरा पड़ा सामान।