शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा के लिए निकाली कलश यात्रा
रूपवास. शिव परिवार की पूजा कराते आचार्य प्रताप नारायण शास्त्री।
रूपवास। कस्बे के रेलवे फाटक के पास हनुमान तिराया पर बने नवनिर्मित मंदिर में बुधवार को हनुमानजी व शिव परिवार की मूर्तियों की पूजा अर्चना कर कलश यात्रा निकाली। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व्यापार महासंघ के अध्यक्ष विनोद सिंघल थे। अध्यक्षता बजरंग दल के प्रमुख कोमल चौधरी ने की। विशिष्ट अतिथि अग्रवाल समाज के पूर्व अध्यक्ष रमेश चंद मंगल, राधा रमन शर्मा व वाले चौधरी थे। संयोजक योगेश कुमार ने बताया कि सबसे पहले एक सौ एक महिलाओं ने बैंडबाजों के साथ कलश यात्रा निकाल कर नगर का भ्रमण किया। इसके बाद आचार्य प्रताप नारायण शास्त्री के निर्देशन में रविंद्र शास्त्री, मुकेश शर्मा व राधेश्याम ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ शिव परिवार की मूर्तियों को पंचामृत से स्नान कराने के बाद जल व अन्न में वास कराया। वही शुक्रवार को सुबह मंदिर परिसर में मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा के बाद हवन यज्ञ एवं दोपहर को भंडारे का आयोजन होगा। इस मौके पर सतीश मित्तल, गिर्राज प्रसाद, भगवत, पूरनचंद, महेश, आयुषी सिंघल आदि उपस्थित थे।
कलश यात्रा का धार्मिक संस्थाओं ने किया स्वागत
भुसावर. कलश यात्रा निकालती महिलाएं।
भुसावर। क्षेत्र के गांव माईदपुर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के लिए कलश यात्रा निकाली गई। जिसका जगह-जगह स्वागत किया गया।जिसमें महिलाओं ने मंगल कलश धारण कर मंगल गीत गाते हुए कलश यात्रा में भाग लिया। गांव माईदपुर निवासी अरूण ने बताया कि गांव में राधा कृष्ण की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के लिए कलश यात्रा बैण्ड बाजों के साथ गांव के मुख्य मार्गों एवं चौराहों पर होकर निकाली गई। जिसमें गांव की महिलाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते हुए मंगल कलश अपने सिर पर धारण किए। गांव में निकली कलश यात्रा का ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा के साथ मंगल आरती कर स्वागत किया। मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत तीन दिन तक यह कार्यक्रम होगा।