राजे की नीतियों के खिलाफ मई-जून में निकालेंगे रोजगार यात्रा
जयपुर | गुजरात के बडगांव से निर्दलीय विधायक जिग्नेश मेवाणी का कहना है कि वसुंधरा राजे सरकार की नीतियों के खिलाफ मई-जून में राजस्थान में रोजगार यात्रा निकालेंगे। इसमें 15 राज्यों के आंबेडकरवादी और वामपंथी कार्यकर्ता भाग लेंगे। पुलिस द्वारा उन्हें नागौर जाने से रोक दिए जाने के बाद जयपुर के प्रतापनगर में भास्कर के साथ बातचीत करते हुए मेवाणी ने कहा कि एक तरफ तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि उनसे ज्यादा अंबेडकर को किसी पार्टी ने सम्मान नहीं दिया, वहीं उन्हीं की पार्टी के शासन वाले राजस्थान में अंबेडकर और संविधान की बात कहने जा रहे एक चुने हुए जनप्रतिनिधि को नजरबंद करके रखा जाता है। आखिर एक निर्दलीय विधायक जिसकी न कोई पार्टी है न कोई संसाधन हैं, सरकार इतना क्यों डर गई है? हम संविधान और बाबा साहब के दर्शन पर बात न करें तो क्या मनुस्मृति पर चर्चा करें।
मेवाणी ने कहा कि राजस्थान के गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया के कहने पर मुझे नागौर जाने से रोका गया है। एक चुने हुए विधायक के साथ इस तरह बदसलूकी की जा सकती है तो फिर सामान्य व्यक्ति के साथ क्या बर्ताव होगा? मैं इस तरह की हरकतों से डरने वाला नहीं हूं। जब मोदी और शाह मिलकर मुझे नहीं डरा पाए तो कटारिया और उनकी पुलिस क्या डरा पाएगी। पुलिस कहती है कि मैं 15 से 30 अप्रैल तक राजस्थान में किसी कार्यक्रम में नहीं आ सकता।