मकान मालिक हरिद्वार में, ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चुराई
भरतपुर | सूने मकान में चोरों ने ताले तोड़कर जेवरात व 16 हजार रुपए की नकदी पार कर ली। मकान मालिक व परिजन जब लौटकर आए तब मंगलवार शाम को कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। चोर मौके पर ताला तोड़ने व दरवाजा तोड़ने के काम में लेने वाले एक लोहे का सरिया छोड़ गए, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।
चक मीणा कुम्हेर हाल सुभाष नगर में जगन्नाथपुरी रघु आटा चक्की के पास निवासी रामेश्वर मीणा ने बताया कि उनके पिता फूलसिंह मीणा हरिद्वार में रेलवे में सीटीआई हैं। इस वजह से पिता के पास भाई रहता है और मां कभी भरतपुर तो कभी पिताजी के पास हरिद्वार चली जाती है। वह सूरतगढ़ में नौकरी करता है। 15 अप्रैल को मम्मी दिल्ली में पिताजी को दिखाने चली गई थी और वहां से हरिद्वार चली गई। मकान की चाबी पड़ोस में रहने वाले चाचा के घर दे गए थे। 16 अप्रैल को चाचा ने देखा मकान के ताले टूटे हैं और चोर सामान लेकर जा चुके हैं। इस पर उन्होंने सूचना दी तो मम्मी व परिजन मंगलवार को भरतपुर आए। जहां सामान बिखरा था। चोर पीछे से गेट तथा कमरे का ताला तोड़कर घुस गए। चोरों ने कमरे में लोहे की आलमारी का ताला तोड़कर 3 तोला सोने की कॉलर, एक जोड़ टॉप्स, चांदी की 4 जोड़ी पायजेब व 20-30 सिक्के तथा 16 हजार रुपए नकद चोरी कर ले गए।