अंतरराज्यीय गिरोह के चार बदमाशों को पकड़ा, शराब-नकदी-वाहन बरामद
ग्राम कालाखो अंबाड़ी में सैल्समैन को बंधक बनाकर ठेके से शराब व नकदी लूटने के मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाकर शुक्रवार को अंतरराज्यीय गिरोह के 4 बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने बदमाशों से लूट में काम लिया लोडेड पिस्टल, लूटी गई शराब, नकदी व वाहन भी बरामद कर लिया।
एसपी चूनाराम जाट के निर्देश पर एएसपी सुरेंद्रसिंह के पर्यवेक्षण में इस गिरोह को पकड़ने का अभियान चलाया था। पुलिस ने विक्रम पुत्र नाहरसिंह मीणा निवासी नयाबास सीकर, दशरथ पुत्र ओमप्रकाश मीणा निवासी राणासर सीकर, नरेंद्र उर्फ धौलू पुत्र गुलजारी यादव निवासी सीसाड़ा की ढाणी दलपतपुरा सीकर व सूरजभान पुत्र नाथू मीणा निवासी राणासर को गिरफ्तार कर लिया। एसपी चूनाराम जाट ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में इस गिरोह के बदमाश बोलेरो, कैंपर व पिक अप आदि वाहनों से आकर वारदातों को अंजाम देते हैं। गिरोह के अन्य सदस्य हजारीलाल उर्फ दादा, अनिल कुमार उर्फ पंग्या, सुरेश कुमार व कृष्ण कुमार को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। इस गिरोह ने दौसा, अलवर, जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, चूरू, गंगानगर, बीकानेर, नागौर जिलों में से शराब लूट व नकबजनी की वारदातें कबूली हैं।
यूं देते हैं वारदात को अंजाम
ठेकों की रैकी कर बदमाश रात के समय बारदात को अंजाम देते हैं। इस दौरान मारपीट व फायरिंग कर भय पैदा कर देते हैं। पुलिस पर भी फायर व बीयर की बोतलों से हमला करते हैं। वारदात में चार पांच सदस्य होते हैं, जो सैल्स मैन को बंधक बनाकर लूट को अंजाम देते हैं।