सुभाष नगर में तीन दिन से पेयजल किल्लत से परेशान हैं 2500 लोग
भरतपुर। शहर की सुभाष नगर कालोनी में पिछले तीन दिन से करीब 2500 लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। जलदाय विभाग की ओर से यहां पर्याप्त मात्रा में जलापूर्ति नहीं किए जाने तथा निश्चित समय पर पानी की सप्लाई नहीं दिए जाने से लोगों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। बताते चलें कि जलदाय विभाग की ओर से जलापूर्ति का समय पूर्व में सुबह 6 से 7 निर्धारित किया गया था, लेकिन निर्धारित समय पर जलापूर्ति नहीं करने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में जलदाय विभाग की जेईएन दीक्षा सिंह का कहना है कि सुभाष नगर को जाने वाली पेयजल लाइन का वॉल्ब खराब होने के कारण जलापूर्ति प्रभावित हुई, जिसे सोमवार को ठीक करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि मंगलवार से इस क्षेत्र में सुचारू रूप से जलापूर्ति की जाएगी। पेयजल सप्लाई का समय सुबह 6 से 6.30 बजे तथा शाम को 6 से 7 बजे तक निर्धारित कर दिया गया है।