पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 352 सफाई कर्मचारियों की भर्ती के लिए 10 हजार 636 ने किए आवेदन

352 सफाई कर्मचारियों की भर्ती के लिए 10 हजार 636 ने किए आवेदन

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भरतपुर। नगर निगम में सफाई कर्मचारियों के 352 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन करने का मंगलवार को अंतिम दिन था। इसलिए सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक मुख्य द्वार से लेकर गैलरियों तक निगम परिसर में अभ्यर्थियों की भीड़ जमा रही। निगम में 352 पदों पर भर्ती के लिए 10 हजार 636 युवाओं ने आवेदन किए हैं। इनमें वर्ष 2012 की भर्ती के 6 हजार 676 आवेदनों के अलावा नए आवेदन 3960 शामिल हैं। निगम परिसर में अभ्यर्थियों की भीड़ को देखते हवा, छाया, पानी आदि के माकूल इंतजाम किए गए थे। भीड़ इस कदर टूटी कि आवेदन जमा करने के लिए 4 काउंटर बनाए जाने के बावजूद अभ्यर्थियों को लंबी कतारों में लगकर आवेदन जमा करने पड़े। यहां पुराने आवेदकों से शपथ पत्र लेने तथा नए आवेदन जमा करने के लिए अलग-अलग दो-दो काउंटर बनाए गए थे।

निगम की ओर से सुबह 9.30 बजे आवेदन जमा करने का सिलसिला शुरू किया गया जो शाम 6 बजे तक चला। हालांकि 5 बजे नगर निगम के मुख्य द्वार को बंद कर दिया गया था, ताकि अंदर कतार में खड़े लोगों के आवेदन जमा किए जा सकें। भीड़ को बढ़ता देख स्वयं नगर निगम आयुक्त शिवचरण मीना लगातार साढ़े तीन घंटे आवेदन लेने में जुटे रहे। इस दौरान उन्होंने अकेले ने ही 2600 आवेदन जमा किए।

इस मौके पर ऐसे अभ्यर्थियों की भारी संख्या भी दिखी जिन्होंने आज ही आवेदन लेकर फिर जमा किए। सफाई कर्मचारी के पद पर भर्ती के लिए न केवल युवक अपितु युवतियों ने भी बड़ी संख्या में आवेदन किए हैं। इतना ही नहीं बड़ी संख्या में स्नातक योग्यताधारी युवाओं ने भी सफाई कर्मचारी पद के लिए आवेदन जमा किए हैं।

भरतपुर । सफाई कर्मचारी भर्ती के लिए आवेदन जमा करने कतार में खड़े अभ्यर्थी।

जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में लॉटरी सिस्टम से होगी भर्ती

नगर निगम आयुक्त शिवचरण मीना ने बताया कि सफाई कर्मचारियों की भर्ती लॉटरी सिस्टम से जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में होगी। 18 मई से 15 जून तक अभ्यर्थियों के आवेदनों की स्क्रूटनी की जाएगी। उसके बाद कलेक्टर की अध्यक्षता में कमेटी द्वारा 26 से 29 जून तक नगर निगम सहित सभी नगर पालिकाओं के सफाई कर्मचारियों की भर्ती जिला मुख्यालय पर लॉटरी निकाल कर की जाएगी।

भरतपुर। भीड़ को देख खुद आवेदन लेने में जुटे निगम आयुक्त।

खबरें और भी हैं...