भावनगर/अमरेली | गुजरात में शनिवार को अलग-अलग दो हादसों में 24 लोगों की मौत हो गई। भावनगर में सीमेंट की बोरी से लदा ट्रक पलटने की घटना में 19 लोगों की मौत हो गई जबकि आठ गंभीर रूप से घायल हैं। शनिवार तड़के हुए इस हादसे में ट्रक पर 26 मजदूर सवार थे। अधिकांश मजदूरों की मौत सीमेंट की बोरी की चपेट में आने से हुईं। ट्रक भावनगर से भरूच की ओर जा रहा था। पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक ट्रक में सीमेंट के बोरे भरे हुए थे और इसमें मजदूर बैठे थे। एक संकरे रोड पर मोड़ते वक्त ट्रक पलट गया। उधर, अमरेली के भायावदर गांव में हुआ। यहां एक मंडप खोलते वक्त लोहे की सीढ़ी का ढांचा बिजली की लाइन से छू गया और करंट लगने से पांच मजदूरों की मौत हो गई।