भरतपुर | नगर निगम में 352 सफाई कर्मचारी पदों के लिए हो रही भर्ती में सामान्य और ओबीसी वर्ग ने भी आवेदन किए हैं। बिना शैक्षणिक योग्यता वाले पद पर ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट युवाओं ने भी फार्म भरे।
इसके अलावा दो तो बीटेक कर रहे हैं। भर्ती में एक वर्ष के कार्य अनुभव मांगा गया है। आवेदकों ने इसका जुगाड़ कर लिया है। आमतौर पर सफाई कर्मचारी के पदों के लिए वाल्मीकि समाज के लोग ही आवेदन करते हैं, लेकिन इस बार सफाई कर्मचारियों की भर्ती में सभी वर्ग के युवाओं ने आवेदन किए हैं। इधर, नगर निगम में 352 सफाई कर्मचारियों की भर्ती के लिए भरे गए आवेदनों की स्क्रूटनी का कार्य तेज गति से जारी है। नगर निगम को यह कार्य 18 जून तक पूरा करना है। प्रथम चरण में नए आवेदकों के 3995 नए आवेदनों की स्क्रूटनी की जा रही है। पिछले चार दिन में 3295 आवेदनों की स्क्रूटनी की जा चुकी है।
नगर निगम में सामान्य वर्ग के 162 और ओबीसी के 1040 युवा भी कतार में
सर्वाधिक 1972 एससी के आवेदन
नगर निगम में सफाई कर्मचारी भर्ती प्रक्रिया में सफाई कर्मियों के 352 पदों पर 3295 आवेदन आए हैं। आयुक्त शिव चरण मीना ने बताया स्क्रूटनी किए गए 3295 आवेदनों में से 2729 आवेदन पुरुषों तथा 566 महिलाओं के हैं। इनमें सामान्य वर्ग के 162, ओबीसी 1044, एससी 1972, एसटी के 100 तथा अन्य यानि विकलांग, विधवा, परित्यक्ता आदि के 17 आवेदन पाए गए हैं।