भरतपुर|जिला व्यापार महासंघ की बैठक संजीव गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित हुई। वक्ताओं ने जिला प्रशासन पर आरोप लगाया कि वह सीएफसीडी मामले में हाईकोर्ट के आदेश की अवमानना कर रहा है।
बैठक में अध्यक्ष संजीव गुप्ता ने कहा कि सीएफसीडी को लेकर हाईकोर्ट का निर्णय आने के 2 दिन बाद भी जिला प्रशासन हरकत में नहीं आया है। जबकि हालात ये हैं कि अगर सीएफसीडी की जगह खाली नहीं हुई तो मानसून के दौरान अत्यधिक बारिश की स्थिति में शहर में जान-माल की हानि हो सकती है। हाईकोर्ट ने इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अपने निर्णय में साफ कहा है कि सीएफसीडी को सन् 1955 की स्थिति में लाया जाए। गुप्ता ने कहा कि सीएफसीडी की जमीन पर जो अतिक्रमण हुआ है, उसमें यूआईटी और नगर निगम कर्मचारियों की मिलीभगत साफ नजर आती है। यदि सीएफसीडी का अतिक्रमण खाली नहीं कराया गया तो जिला व्यापार महासंघ भी हाईकोर्ट में दस्तक देगा। जिसके लिए सम्बन्धित लोग व अधिकारी जिम्मेदार होंगे।