भरतपुर। मान सिंह सर्किल सब्जी मंडी में पॉलीथिन का उपयोग करने पर चालान काटते नगर निगम सचिव।
भरतपुर। नगर निगम की ओर से आयुक्त शिवचरण मीना के नेतृत्व में सोमवार को मान सिंह सर्किल स्थित सब्जी मंडी में पॉलीथीन के विरुद्ध अभियान चलाया गया। इस मौके पर जहां एक ओर निगम के अधिकारी - कर्मचारियों ने दुकानदार और ग्राहकों को पॉलीथीन का उपयोग नहीं करने के लिए समझाइश की। वहीं, 8 सब्जी विक्रेताओं को मना करने के बावजूद पॉलीथीन का उपयोग करते पाए जाने पर 1000-100 रुपए के चालान काटे। इस मौके पर करीब 50 किलो पॉलीथीन बैग भी 19 सब्जी विक्रेताओं से जब्त किए गए। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोगों को एनजीओ स्वर्ग संस्था की ओर रियायती दर मात्र 20 रुपए में उपलब्ध कराए जा रहे कपड़े के थैला खरीदकर उनमें सब्जी ले जाते देखा गया। निगम की ओर से पॉलीथीन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान नगर निगम सचिव बनवारी लाल सहित करीब एक दर्जन अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। निगम की इस कार्रवाई से सब्जी एवं फल विक्रेताओं में अफरा-तफरी सी मच गई। इस संबंध में आयुक्त शिवचरण मीणा ने बताया कि अभियान अनवरत जारी रहेगा। अभी हमने यह कार्रवाई मान सिंह सर्किल स्थित सब्जी मंडी में की है, आगे अन्य सब्जी मंडी एवं ठेली व बाजार के दुकानदारों के यहां भी पॉलीथीन के उपयोग के विरुद्ध की जाएगी। जिन लोगों के 1-1 हजार रुपए के चालान काटे गए हैं, यदि वे फिर दुबारा पॉलीथीन का उपयोग करते पाए जाएंगे तो अबकी बार उनके 5-5 हजार रुपए के चालान काटे जाएंगे। फिर भी नहीं वे अपनी आदतों से बाज नहीं आए तो उनके खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।