भरतपुर | स्वायत्त शासन विभाग ने प्रदेश की 184 नगरीय निकायों में 21 हजार 136 पदों के लिए हो रही सफाई कर्मियों की भर्ती के लिए नई गाइडलाइन जारी की है।
इससे आवेदन कर चुके आवेदकों पर कोई असर नहीं आएगा। इसमें केवल भर्ती प्रक्रिया में किस तरह सावधानी बरतनी है आदि के निर्देश दिए गए हैं। डीएलबी निदेशक पवन अरोड़ा की ओर से जारी गाइड लाइन में कहा गया है कि नगर निगम में जांच कमेटी में उपायुक्त, लेखाधिकारी एवं जिला कलेक्टर का नोमिनी राजपत्रित अधिकारी सदस्य होंगे। जिन आवेदकों ने जाति प्रमाण पत्र संलग्न नहीं किया है तो उसे सामान्य श्रेणी में माना जाएगा। आवेदक यदि पिछड़े वर्ग से है और कम पढ़ा लिखा है तो भी सहानुभूति पूर्वक विचार किया जाएगा।
लाटरी 25 जून से 29 जून तक जिला मुख्यालय पर कम्प्यूटर के माध्यम से निकाली जाएगी। लाटरी के लिए पृथक से साफ्टवेयर तैयार किया जा रहा है।