भरतपुर | बार-बार खराब हो रही रणजीत नगर-खड्ड रोड को अब मिट्टी बदल कर बनवाया जाएगा। इसके लिए एक मीटर गहराई तक खुदाई कर मिट्टी बदली जाएगी। क्योंकि मौजूदा मिट्टी काली और चिकनी थी, जो लोड नहीं उठा पाती थी, जिससे सड़क डैमेज होती थी। नगर विकास न्यास ने 3.90 करोड़ की लागत से इसका ठेका दिया है, जिसका शिलान्यास शनिवार को सुबह 11 बजे कालीमाता मंदिर पर विधायक विजय बंसल एवं मेयर शिवसिंह भोंट करेंगे। यूआईटी सचिव लक्ष्मीकांत बालोत ने बताया कि सीसी सड़क बनाई जाएगी और 5 साल की ठेकेदार की गारंटी रहेगी। सड़क की लंबाई 2200 मीटर तथा चौड़ाई 7 मीटर है। इसके दोनों और एक-एक फुट का फुटपाथ बनेगा। मिट्टी एक मीटर तक बदली जाएगी। क्योंकि एमएनआईटी ने मिट्टी बदलने की सलाह दी है।