जयपुर | शहर में भीषण गर्मी के कारण पानी की मांग में 15 से 20 फीसदी तक इजाफा हुआ है। वहीं जलदाय विभाग ने मार्च से अब तक केवल 250 लाख लीटर पानी ही बढ़ाया है। सबसे ज्यादा पानी की खपत कूलरों में है। घरेलू कामकाज में भी पानी की डिमांड बढ़ी है। शहर के मुरलीपुरा, झोटवाड़ा, जवाहरनगर, बापूनगर, तिलकनगर, सी-स्कीम, सांगानेर, प्रतापनगर, महेशनगर, हसनपुरा, विद्याधर नगर, खातीपुरा, आमेर, दिल्ली बाइपास की कॉलोनियां, शास्त्रीनगर सहित अन्य इलाकों में कम प्रेशर से पानी सप्लाई से दिक्कत है। टेल एंड पर पानी नहीं पहुंच पा रहा है तथा लोगों में झगड़े बढ़ रहे हैं। शहर में रोजाना 5310 लाख लीटर पानी सप्लाई हो रहा है। इसमें से 4610 लाख लीटर पानी बीसलपुर प्रोजेक्ट से मिल रहा है। वहीं 700 लाख लीटर पानी ट्यूबवेल से दिया जा रहा है। गर्मियों से पहले मार्च बीसलपुर योजना से 4360 लाख लीटर पानी लिया जा रहा था। डिमांड में 20 फीसदी इजाफा होने पर 750 से 1000 लाख लीटर पानी बढ़ाया जाना था, लेकिन केवल 250 लाख लीटर ही बढ़ाया है। एडिशनल चीफ इंजीनियर दिनेश सैनी ने बताया कि मार्च से अब तक 250 लाख लीटर पानी बढ़ा चुके है। इंजीनियरों को अपने क्षेत्र की जरूरत का एनालिसिस करने को कहा है। रिपोर्ट के बाद बीसलपुर प्रोजेक्ट से पानी बढ़ाया जाएगा।