कंटेनर पलटने से लगी आग, अंदर रखी 44 बाइक क्षतिग्रस्त
भास्कर संवाददाता | मेड़ता सिटी
एनएच 89 के डांगावास बाइपास पर बुधवार शाम मोटर साइकिलों से भरा एक कंटेनर पलटी खा गया। जिससे कंटेनर में आग लग गई और कंटेनर के आगे का हिस्सा जलकर खाक हो गया। हादसे में कंटेनर के अंदर रखी मोटर साइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं। जबकि चालक घायल हो गया।
सूचना मिलने पर मेड़ता पुलिस की मौजूदगी में पालिका दमकल से आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार अलवर जिले के टपूकड़ा स्थित होंडा के प्लांट से 44 बाइक लेकर कंटेनर नागौर जा रहा था। इस दौरान डांगावास बाइपास पर कंटेनर अनियंत्रित होकर पलटी खा गया। इससे कंटेनर के अगले हिस्से में आग लग गई। चालक यूपी के कानपुर जिले के कड़ावा निवासी वीरेंद्र पुत्र कृपाशंकर ब्राह्मण घायल हो गया। सूचना पर उप निरीक्षक छीतर खां व हैड कांस्टेबल बेणीराम ने मय जाब्ता मौके पर पहुंच घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया। जहां से उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। पुलिस की सूचना पर मेड़ता नगर पालिका की दमकल ने मौके पर पहुंच आग पर काबू पाया। हादसे में कंटेनर का अगला हिस्सा पूरी तरह से जलकर खाक हो गया। पुलिस ने नागौर स्थित बाइक एजेंसी संचालक को सूचना दी। खबर लिखे जाने तक इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं हो पाया।
मेड़ता सिटी. एनएच 89 पर कंटेनर में लगी आग को बुझाते दमकलकर्मी।