पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • मकराना कुचामन में 28 मई तक हर हाल में पहुंचे नहरी पानी

मकराना-कुचामन में 28 मई तक हर हाल में पहुंचे नहरी पानी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पीएचईडी मंत्री सुरेंद्र गोयल ने शुक्रवार शाम को कलेक्ट्रेट सभागार में नहरी पानी की योजना और जलदाय विभाग की जिले में चल रही विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मकराना में पेयजल किल्लत के हालात सबसे बदतर हैं। इसलिए 28 मई से पहले हर हाल में मकराना और कुचामन इलाके में नहरी पानी पहुंच जाना चाहिए।

हालांकि, नहरी विभाग के अधिकारियों ने दावा किया कि वे 15 मई तक कुचामन और मकराना तक नहरी पानी पहुंचा देंगे। लेकिन मंत्री गोयल ने कहा कि इससे पहले भी कई बार वे दावा कर चुके हैं। लेकिन तय समय पर काम पूरा नहीं हुआ। ऐसे में मकराना और कुचामन में नहरी पानी पहुंचाने में 28 मई से देरी नहीं होनी चाहिए। इससे पहले मंत्री गोयल सुबह नागौर पहुंचे। यहां से नोखा दैया स्थित डेम पहुंचे और निरीक्षण किया।

इसके बाद उन्होंने देशनोक स्थित डेम का भी निरीक्षण किया। नहरी परियोजना के मुख्य अभियंता महेश करेल ने बताया कि नहरबंदी 29 मार्च से शुरू हुई थी। विभाग के पास 50 दिन तक सप्लाई के लिए पानी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि कहीं भी पेयजल किल्लत से लोगों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। बैठक में पीएचईडी के प्रमुख सचिव रजत कुमार मिश्रा, कलेक्टर कुमारपाल गौतम, पीएचईडी एसई अर्जुनराम चौधरी, एक्सईएन शंभुदयाल चौहान सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

मंत्री गोयल ने मांगी जिले में खराब नलकूपों की सूची
जिले में नलकूपों की स्थिति पर पीएचईडी मंत्री गोयल ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अधिकारी नलकूपों की स्थिति को लेकर सही जानकारी साझा करने के बजाए खानापूर्ति करते हैं। अब ऐसा नहीं होना चाहिए। उन्होंने जिलेभर में खराब नलकूपों की सूची तैयार कर भिजवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि 28 अप्रैल से पहले लाडनूं और डीडवाना में पानी की सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।

निर्देश
कलेक्ट्रेट में अधिकारियों की ली बैठक, नोखा दैया डेम का भी किया निरीक्षण, पीएचईडी मंत्री बोले -
नागौर. कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक लेते पीएचईडी मंत्री गोयल।

50 लाख तक की स्वीकृति एडिशनल चीफ इंजीनियर देंगे
जिले में कंटिंजेंसी प्लान के तहत टैंकरों से पानी की आपूर्ति शुरू नहीं होने के सवाल पर मंत्री गोयल ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में टैंकर से पानी सप्लाई करने के लिए अलग-अलग बजट जारी किया गया है। जहां जरूरत है, वहां 50 लाख रुपए के काम की मंजूरी एडिशनल चीफ इंजीनियर दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि जहां पेयजल किल्लत है। वहां सोमवार तक हर हाल में पानी की आपूर्ति करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिकारी गर्मी के सीजन को लेकर समय रहते सभी तैयारियां पूरी कर ले। ताकि आमजन को कोई परेशानी न हो।

खबरें और भी हैं...