- Hindi News
- National
- ऑनलाइन कम, ऑफलाइन पर ज्यादा जोर, दस दिन में 355 शिक्षकों ने किए तबादले के लिए आवेदन
ऑनलाइन कम, ऑफलाइन पर ज्यादा जोर, दस दिन में 355 शिक्षकों ने किए तबादले के लिए आवेदन
थर्ड ग्रेड शिक्षक इन दिनों तबादलों को लेकर ऑनलाइन कम, ऑफलाइन आवेदनों पर ज्यादा जोर दे रहे है। प्रारंभिक में 255 तथा माध्यमिक शिक्षा कार्यालय में 100 सहित कुल- 355 आवेदन प्राप्त हो चुके है। जिसमें से पिछले दो दिनों में करीब 150 से ज्यादा आवेदन प्राप्त हुए है। डीईओ कार्यालय में प्रस्तुत आवेदन पत्र को लेकर रजिस्टर में संपूर्ण विवरण सहित सुबह से शाम तक दर्ज किया जा रहा है।
आवेदन लेने की जिम्मेदारी संभाल रहे सहदेव गोदारा ने बताया कि आवेदन कर्ता को रजिस्टर में इंद्राज की रसीद भी प्रदान की जा रही है। जबकि अंतर जिला तबादला आवेदन ई-मेल से भी स्वीकार किए जा रहे हैं। लेकिन दोनों डीईओ कार्यालय में प्रतिदिन अवकाश लेकर सैकंडों की तादाद में शिक्षक पहुंच रहे हैं। इसी कारण अब तबादला आवेदनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। तबादलों को लेकर इन दिनों दोनों डीईओ कार्यालयों में शिक्षकों की मैन्युअली आवेदन जमा करवाने को लेकर दिनभर भीड़ उमड़ रही है। तृतीय श्रेणी शिक्षकों और प्रबोधकों के तबादलों को लेकर 20 अप्रैल तक आवेदन लिए जाएंगे। इसके बाद 25 अप्रैल तक आवेदनों की स्क्रूटनी होगी। इसके बाद ही स्थानांतरण किए जाएंगे। गौरतलब है कि डीईओ कार्यालय में चार अप्रैल से अंतर जिला स्थानांतरण के आवेदन लिए जा रहे हैं।
नागौर. डीईओ कार्यालय में टेबल पर तबादला आवेदन के फाॅर्म जमा करवाने पहुंचे शिक्षक।
शिक्षा विभाग की यह है तबादला गाइडलाइन
परीवीक्षा काल पूर्ण कर चुके शिक्षक अंत: जिला स्थानांतरण के लिए आवेदन कर सकेंगे।
गैर प्रतिबंधित जिलों में 31 दिसंबर 2012 से पहले नियुक्त हुए शिक्षक अंतर जिला स्थानांतरण के लिए आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
31 दिसंबर 2012 के बाद नियुक्त शिक्षकों के अंतर जिला तबादलों के लिए 3 केटेगरी बनाई गई है। इसमें असाध्य रोग कैंसर, गुर्दा प्रत्यारोपण, हृदय शल्य चिकित्सा, पूर्णत दृष्टिहीन और 100 प्रतिशत दिव्यांग शिक्षक शामिल है।
31 दिसंबर 2012 से पहले नियुक्त शिक्षकों के अंतर जिला तबादले के लिए 9 केटेगरी बनाई गई है। इसमें पूर्णत: दृष्टिहीन, 70 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग, असाध्य रोग से ग्रसित, 40 से 70 प्रतिशत तक दिव्यांग शिक्षक, बच्चे मंद बुद्धि हो, बच्चे कैंसर, दिल में छेद, ब्रेन ट्यूमर से ग्रसित हो, महिलाएं-पुरुष जिनके पति या प|ी असाध्य रोग से पीड़ित हो, विधवा महिला शिक्षिका और परित्यक्तता शिक्षिका।
प्रतिबंधित जिलों में कार्यरत ऐसे शिक्षक जो परीवीक्षा काल पूरा कर चुके हैं, वे केवल प्रतिबंधित जिले से प्रतिबंधित जिले में अंतर जिला तबादले के पात्र है। जबकि 31 दिसंबर 2008 से पहले से प्रतिबंधित जिलों में कार्यरत शिक्षक अंतर जिला तबादले के तहत आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
पारस्परिक तबादला चाहने वाले दोनों शिक्षकों के सेटअप, लेवल, पद और विषय समान होने की स्थिति में ही तबादले हो सकेंगे।
पंचायतीराज सेटअप के तृतीय श्रेणी शिक्षक केवल ग्रामीण क्षेत्र में तबादले के लिए ही पात्र है।
राजस्थान स्वेच्छया ग्रामीण शिक्षा सेवा नियम 2010 के तहत समायोजित शिक्षकों का तबादला शहरी क्षेत्र के स्कूलों में नहीं होगा।
ऐसे शिक्षक जिनका परिवीक्षा काल पूरा नहीं हुआ है, वे तबादले के लिए आवेदन नहीं कर सकते।
ऐसे ऑनलाइन ई-मेल के जरिए भेज सकेंगे आवेदन
तृतीय श्रेणी अध्यापक अब अंतर जिला तबादले के लिए आवेदन शिक्षा निदेशक को ई-मेल आईडी (greade3transfar@gmail.com) पर भी भेज सकते है।
तृतीय श्रेणी अध्यापकों से तबादलों के लिए आवेदन मांगे गए थे, लेकिन अंतर जिला स्थानांतरण के लिए आवेदन निदेशालय, बीकानेर के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर करने के आदेश जारी किए थे। फिर शिक्षा निदेशक नथमल डिडेल ने आदेश में शिथिलता प्रदान करते हुए शिक्षकों को राहत दे दी।
शिक्षकों को मिलेगी राहत
शिक्षा विभाग द्वारा अंतर तबादला नीति के तहत शिक्षकों के तबादलों को लेकर आवेदन मांगे जाने से कई शिक्षकों को बड़ी राहत मिलेगी। गौरतलब है कि लंबे समय से कुछ शिक्षक अपने जिले से दूर किसी अन्य जिले में सेवा दे रहे हैं। ऐसे में उन्हें कई प्रकार की समस्याओं का भी सामना करना पड़ रहा था। लेकिन अब विभाग द्वारा अंतर तबादला नीति के तहत आवेदन मांगे जाने से ऐसे शिक्षकों को राहत मिलेगी। वहीं जो शिक्षक जिले से बाहर जाना चाहते हैं वो भी स्थान का चयन कर सकते हैं। ऐसे में इन दिनों जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बाहर शिक्षकों की लाइनें लगी हुई हैं।