आरआई उल्टी करने बस के गेट पर पहुंचे, गिरने से मौत
भास्कर संवाददाता | डीडवाना/शेरानी आबाद
डीडवाना निवासी एवं हाल ही में छोटी खाटू उप तहसील में कार्यरत आरआई की शुक्रवार को बस से गिरने से मौत हो गई। जिनका शव राजकीय बांगड़ चिकित्सालय लाया गया। जहां चिकित्सकों ने शव का पंचनामा कर परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी अनुसार छोटी खाटू उप तहसील में कार्यरत आरआई वासुदेव पुत्र सत्यनारायण खंडेलवाल उम्र करीब 55 वर्ष शुक्रवार सुबह छोटी खाटू के लिए बस से ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान बीच रास्ते में वासुदेव की तबीयत गड़बड़ होने लगी तो उन्होंने बस के मुख्य द्वार पर खड़े होकर उल्टी करना चाहा। इसी दौरान रणसीसर फांटा मोड़ के पास बस को तेज गति से अचानक मोड़ने के कारण वे बस से गिर गए। इस दुर्घटना में वासुदेव की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही नागौर में आयोजित बैठक में भाग लेने जा रहे एसडीएम उत्तम सिंह शेखावत, तहसीलदार, नायब तहसीलदार व खुनखुना थानाधिकारी शंभू दयाल मीणा मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस 108 की सहायता से शव को राजकीय बांगड़ चिकित्सालय लाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पार्षद नीतेश बाजारी, ब्राह्मण महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र पारीक, शिक्षक संघ के भुवनेश शर्मा, सत्यनारायण, एडवोकेट शिवप्रकाश शर्मा बांगड़ अस्पताल पहुंचे।