85 वर्षीय भीखी देवी का निधन शरीर के अंग निष्क्रिय, नहीं हो पाया अंगदान
दैनिक भास्कर नागौर में कार्यरत उप संपादक सुभाष मुंडेल की दादी 85 वर्षीय भीखी देवी का गुरुवार रात को निधन हो गया। सुबह साढ़े नौ बजे गांव लालाप में उनका अंतिम संस्कार किया गया। भीखी देवी के 3 पुत्र व 2 पुत्रियां हैं। शुक्रवार को उनकी अंतिम यात्रा में नारायण राम मुंडेल, जयराम पिंडेल पूर्व डीएसपी, जगराम मुंडेल, गोविंदराम मुंडेल, साबुराम मुंडेल, रामकिशोर, रामप्रसाद, घनश्याम, सुभाष सहित परिवार के लोग व ग्रामीण शामिल हुए। सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों ने उनके निधन पर संवेदना व्यक्त की है।
अंग निष्क्रिय हुए, इसलिए नहीं हो सका अंगदान
बुजुर्ग भीखी देवी ने अपने पोते नरपत के साथ 25 फरवरी को शीलगांव में भास्कर द्वारा आयोजित अंगदान-महादान कार्यक्रम में अग्नाशय दान करने का संकल्प लिया था। इसे लेकर परिजनों सहित रिश्तेदारों व ग्रामीणों ने उनकी सराहना की। मगर बीमारी के चलते वह 13 दिन अस्पताल में भर्ती रही थीं। इस दौरान उनके शरीर के कई अंग निष्क्रिय हो गए थे। जिससे उनका खाना-पीना भी बंद हो चुका था। परिजनों ने जब डॉक्टरों से अंगदान की बात कही तो डॉक्टरों ने उनके शरीर के अंग काम नहीं आने का कहकर अंगदान के लिए मना कर दिया था। इस कारण उनके निधन के बाद अंगदान नहीं कराया जा सका।