पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • कार्रवाई | लाडनूं में दिल्ली व मुंबई टीमों के मैच पर सट्‌टा, डीडवाना सीओ ने की कार्रवाई

कार्रवाई | लाडनूं में दिल्ली व मुंबई टीमों के मैच पर सट्‌टा, डीडवाना सीओ ने की कार्रवाई

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मुंबई से लाइनें ली, बंगले में बैठ आईपीएल के सौदे, रोज 1 करोड़ का सट्‌टा, 5 बुकी पकड़े

भास्कर संवाददाता | लाडनूं

डीडवाना व लाडनूं पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शनिवार शाम 6 बजे लाडनूं के सब्जी मंडी इलाके में आईपीएल मैच पर क्रिकेट सट्टे की खाई-वाली करते 5 बुकियों को गिरफ्तार किया गया है।

क्रिकेट सट्टे का यह कारोबार लाडनूं में एक आलीशान बंगले में चल रहा था। पुलिस को बुकियों के कब्जे से मिली डायरियों में 1 करोड़ का हिसाब मिला है। इसके अलावा 54 हजार नकद, कई एटीएम, लेपटॉप, 14 मोबाइल, बैंकों की पास बुक मिली है। लाडनूं के बुकियों ने सट्टे की लाइनें मुंबई से ले रखी थी और बीकानेर व नागौर से जयपुर में इनके तार जुड़े थे।

डीडवाना डिप्टी व प्रशिक्षु आईपीएस दीपक यादव ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सौरभ बैद के बंगले पर शाम करीब 6 बजे दबिश दी। यहां सौरभ बैद के साथ उसका भाई गिरीश, लाडनूं के 3 अन्य युवक साजिद, निर्मल सिंह, रामपाल जाट खाई-वाली कर रहे थे। लाडनूं थानेदार भजनलाल को साथ ले पांचों बुकियों को गिरफ्तार किया। देर रात तक इनसे पूछताछ की जा रही थी।

मुखबिर ने कहा था कार्रवाई करोगे तो ही सही लोकेशन दूंगा, फिर दबिश

लाडनूं. आरोपियों को ले जाते हुए पुलिस।

फाइव स्टार सुविधाएं सटाेरियों के बंगले में

सौरभ बैद के घर पुलिस पहुंची तो यहां 5 कमरों में एसी के अलावा लैपटॉप, टीवी, सेट बॉक्स जैसे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स थे। लाइट जाने पर इनवर्टर की सुविधा थी। पुलिस को गुमराह करने के लिए बंगले के बाहर ताले लगा रखे थे। इसके अलावा 2 युवक बाहर रैकी कर रहेे थे। पुलिस ने 49 हजार का चैक, 14 मोबाइल, समेत कई सामान जब्त किया है। इसी बंगले में पहले भी पुलिस क्रिकेट सट्टा पकड़ चुकी है।

मुंबई से लेनदेन, नागौर, बीकानेर, जयपुर में सौदे

सूत्रों ने बताया कि सौरभ लाडनूं का चर्चित बुकी है। आईपीएल मैच के सौदे के लिए वह सीधे मुंबई से लाइनें लेता है। जयपुर, नागौर, बीकानेर में भी वह सौदे करता है। इसके पीछे 5 प्रतिशत कमीशन का खेल चलता है। एक मैच के दौरान यह गिरोह 1 से सवा करोड़ तक सौदेबाजी करते हैं।

भास्कर पड़ताल

सीओ यादव ने बताया कि लाडनूं के सब्जी मंडी इलाके में पुरानी एसबीआई बैंक के पास यह खेल चल रहा था। इनको ट्रेस करने में 48 घंटे लगे। इधर, सूत्रों ने बताया कि जिस मुखबिर ने डीडवाना पुलिस को यह सूचना दी, उसने पहले यह कहा कि अगर पुलिस प्रभावी कार्रवाई करती है तो ही वह पूरी जानकारी व लोकेशन देगा। इसके बाद प्रशिक्षु आईपीएस यादव ने टीम के साथ दबिश दी। हालांकि सीओ ने लाडनूं पुलिस को साथ ले कार्रवाई की थी।

खबरें और भी हैं...