नागौर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अठियासन के पास शनिवार रात को एक ट्रक और टैंकर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में एक चालक की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक ट्रक की बॉडी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर नागौर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक के शव को जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
कोतवाल सुरेंद्रसिंह जोधा ने बताया कि अठियासन के पास एक ट्रक और टैंकर में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक वाहन के चालक सरदारशहर के भीकमसर निवासी विजयसिंह पुत्र नारायणसिंह की मौत हो गई। उसके शव को जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। उन्होंने बताया कि ट्रक नागौर की ओर आ रहा था। जबकि टैंकर मूंडवा की तरफ जा रहा था। दोनों वाहनों में भिड़ंत हो गई। घटना के बाद सड़क पर दोनों ओर जाम लगने से वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को एक तरफ करवाया और यातायात शुरू करवाया। उन्होने बताया कि इस संबंध में देर रात कोई शिकायत कोतवाली में दर्ज नहीं हुई है।
नागौर. अठियासन के पास हादसे में दुर्घटनाग्रस्त वाहन और एकत्रित हुए लोग।
लाडनूं में बस की टक्कर के बाद 10 फीट दूर तक घिसटते रहे तीन बाइक सवार, घायल हुए
लाडनूं | एनएच 65 पर करंट बालाजी चौराहे के पास एक बस ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक सवार तीन युवक बस के साथ करीब 10 फीट तक घिसटते रहे। हादसे में तीनों घायल हो गए। गौपुत्र सेना के कार्यकर्ताओं ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, बीदासर दड़ीबा निवासी मदनलाल पुत्र मूलाराम व समेर पुत्र जेठाराम और रघुनाथपुरा (रतनगढ़) निवासी मनोज कुमार पुत्र कुंदनमल मोटरसाइकिल पर जा रहे थे। लाडनूं से जयपुर जाने वाली बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वे तीनों करीब 10 फीट तक बस के साथ घिसटते चले गए। घायलों को गौपुत्र सेना के रामेश्वर जाट, लोकेंद्र सिंह नरूका, देवेन्द्र टाक, नंदू सैनी और जनराज ने अस्पताल पहुंचाया। पुलिस भी मौके पर पहुंची और मुआयना किया। करंट बालाजी चौराहे पर आए दिन कोई न कोई दुर्घटना का शिकार हो रहा है। मंगलपुरा के लोग और शहर के लोग यहां सर्किल बनाने की मांग कर रहे हैं। लेकिन प्रशासन की तरफ से अभी तक कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई है। गौरतलब है कि तीन दिन पहले इसी चौराहे पर बस की टक्कर से एक बाइक सवार महिला की मौत हुई थी और एक घायल हुआ था।