कलेक्टर कुमारपाल गौतम ने कहा कि न्याय आपके द्वार अभियान के तहत जिस ग्राम पंचायत में अब शिविर लगेगा। वहां अधिकारी पहुंचकर लोगों की समस्याओं का चिह्नीकरण करेंगे। ताकि शिविर के दिन आमजन को तुरंत राहत मिल सके। वे सोमवार को कलेक्ट्रेट में साप्ताहिक बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि न्याय आपके द्वार शिविरों में आवश्यक रूप से उपस्थित रहे। आवेदनों का निस्तारण शिविर समाप्त होने से पहले ही कर जरूरतमंद को लाभान्वित करें। शिविर में काम अधिक हो तो शाम तक ठहरें और काम पूर्ण करने के बाद ही अधिकारी शिविर स्थल छोड़ेंगे। सभी जिला अधिकारी हर सप्ताह कम से कम चार शिविर का निरीक्षण कर कार्यों को देखेंगे। कार्यों में गुणवत्ता कैसे आए। इसके बारे में अधिकारियों को बताएंगे। जल स्वावलंबन के तीसरे चरण में काम 31 मई तक गुणवत्ता के साथ पूरे हो जाएं। एडीएम अशोक कुमार, पानी, बिजली, चिकित्सा विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
श्रम विभाग : जरूरतमंद लोगों को बेवजह चक्कर न कटवाएं
कलेक्टर ने श्रम विभाग के अधिकारियों को कहा कि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं में पात्र श्रमिकों को लाभ मिले। जरूरतमंद लोगों को बिना वजह चक्कर नहीं कटवाए। श्रम विभाग सभी योजनाओं की क्रियान्विति पारदर्शिता के साथ करें। न्याय आपके द्वार में लगने वाले शिविरों में भी पात्र व्यक्तियों के आवेदन भरवाए जाएं। उन्होंने पशुपालन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पशुओं के लगने वाले सभी टीके शिविर के दौरान लग जाएं।
रसद और राजस्व : पात्र लोगों को मिले गैस कनेक्शन, विवाद निपटाएं
कलेक्टर ने रसद विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले पात्र व्यक्तियों को गैस कनेक्शन दिया जाए। जो सभी औपचारिकताएं पूरी करते हो। किसी ग्राम पंचायत में शिविर लग गया और वहां किसी को कनेक्शन नहीं मिला है तो रसद विभाग गैस एजेंसी के साथ मिलकर उन्हें वहां जाकर निशुल्क गैस कनेक्शन देंगे। राजस्व अधिकारी रास्तों का विवाद तथा पट्टे जारी करने का काम प्राथमिकता से करें। शिविर में जो पट्टे जारी होते हैं। उनको ऑनलाइन किया जाए।
खींवसर| बैराथल कल्लां में मंगलवार को होने वाले न्याय आपके द्वार शिविर को स्थगित कर आगामी दिनों में लगाने की मांग की है। सरपंच कमला गुजर ने एसडीएम को ज्ञापन देकर बताया कि महानरेगा कार्मिक अपने नियमतिकरण की मांग को लेकर 21 दिनों से हड़ताल पर हैं। मंत्रालयिक कर्मचारी संघ, विकास अधिकारी, पंचायत प्रसार अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी सोमवार से तीन दिन तक सामूहिक अवकाश पर हैं। इसके चलते कर्मचारी राजस्व लोक अदालत के न्याय आपके द्वार शिविर में अनुपस्थित रहेंगे।
जिस कारण ग्राम पंचायत में आयोजित होने वाले न्याय आपके द्वार शिविर में ग्रामीणों का पूर्ण लाभ नहीं मिल पाएगा।