भास्कर संवाददाता | नागौर/पांचौड़ी
डिस्कॉम टीमों ने रविवार को दो थानों के जाब्ते के साथ खींवसर क्षेत्र के गांवों में बड़ी कार्रवाई करते हुए खेतों में अवैध रूप से चला रहे ट्यूबवेलों से 2 ट्रांसफार्मर सहित 11 हजार केवी की बिजली लाइन के तार जब्त किए। मौके पर बिजली चोरी करने वालों पर 7 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। अलसुबह डिस्कॉम की गठित दो टीमें पांचौड़ी और खींवसर थाने के पुलिस जाब्ते के साथ जैसे ही कार्रवाई करने पहुंची तो बिजली चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया। नागौर शहर सहित जिलेभर में रविवार को अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधिशासी अभियंता आरबी सिंह के नेतृत्व में विजिलेंस टीमों ने इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। शहर सहित खींवसर क्षेत्र में अवैध रुप से हो रही बिजली चोरी को लेकर 10 लाख का जुर्माना लगाया गया। अधिशासी अभियंता आरबी सिंह ने बताया कि केंद्रीय सतर्कता दल अजमेर के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, नागौर डिस्कॉम के सहायक अभियंता, विजिलेंस सहायक अभियंता तथा पांचला, भेड़, जोधियासी के कनिष्ठ अभियंताओं के साथ तकनीकी कर्मचारियों की टीमों का गठन कर इन दिनों बिजली चोरी के खिलाफ कार्रवाई को अंजाम दिया जा रहा है।
दो जगह मिले अवैध ट्रांसफार्मर और बिजली तार : डिस्कॉम टीमों की सघन जांच अभियान की कार्रवाई में सुबह 7.05 बजे खींवसर क्षेत्र के मोतीनाथपुरा गांव में यहां दीपसिंह पुत्र सोहन सिंह के खेत में फीडर से 500 मीटर दूरी से बिजली तार खींच अवैध 63केवीए का ट्रांसफार्मर से ट्यूबवेल का संचालन किया जा रहा था। वहीं दूसरी और करणूं गांव के गोपालसिंह पुत्र सोहन सिंह के खेत में बिजली तार सहित 100 केवीए के अवैध ट्रांसफार्मर द्वारा 2 ट्यूबवेल संचालित करते हुए पाया गया।