बीडीओ, प्रसार अधिकारी व वीडीओ आज से अवकाश पर
पंचायतीराज सेवा परिषद जयपुर के प्रदेशव्यापी आंदोलन के 5वें चरण के तहत नागौर पंचायत समिति में पंचायत राज सेवा परिषद के बैनर तले तीनों संवर्ग बीडीओ, पंचायत प्रसार अधिकारी और वीडीओ की सामूहिक बैठक हुई। बीडीओ सतपाल कुमावत ने बताया कि पंचायतीराज सेवा परिषद के आह्वान पर तीनों संवर्गों ने 21 मई से 23 मई तक सामूहिक अवकाश पर रहने का फैसला लिया गया। उन्होंने कहा कि पिछले 24 जून को पंचायतीराज मंत्री राजेंद्र राठौड़ के साथ हुए लिखित समझौते पर सरकार ने आज तक सकारात्मक फैसला नहीं लिया है। पंचायत प्रसार अधिकारी संघ अध्यक्ष हरिराम प्रजापत ने बताया कि मांगों पर गौर नहीं होने पर सरकार की विभिन्न योजनाओं का बहिष्कार किया जाएगा। इस मौके पर ग्राम विकास अधिकारी संघ के अध्यक्ष ताराचंद सैनी भी उपस्थित थे।