डिस्कॉम कर्मियो ने की निलंबन वापसी की मांग
नागौर| अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड मूंडवा में कार्यरत कनिष्ठ अभियंता भूराराम चौधरी व तकनीकी सहायक देवीलाल बाज्या के किए गए निलंबन के विरोध में बुधवार को डिस्कॉम कर्मचारियों ने प्रबंध निदेशक को पत्र लिखा और उनका निलंबन वापस लेने की मांग की। इस मौके पर अधीक्षण अभियंता नागौर को ज्ञापन सौंपा गया। जिसमें बताया गया कि 13 मई को कुचेरा में चोरी से अवैध लाइन लगाने का प्रकरण सामने आया था। जिस पर कनिष्ठ अभियंता भूराराम चौधरी काे निलंबित किया गया। उन्होंने बताया कि इस प्रकरण में अधिशासी अभियंता नागौर के द्वारा मौके पर की गई कार्रवाई के दौरान बिजली लाइन सुचारु मिली। यहां अवैध लाइन फीडर से जुड़ी हुई नहीं मिली। इसके बाद भी कनिष्ठ अभियंता के तकनीकी सहायक का निलंबन किया जाना सही नहीं है। उन्होंने बताया कि दोनों कर्मचारियों द्वारा किसी प्रकार की लापरवाही नहीं की गई। इस मौके पर दिनेश फिड़ौदा, ओम प्रकाश भाटी, रामनिवास, रामस्वरूप, जयप्रकाश, रमेशकुमा आदि मौजूद थे।