- Hindi News
- National
- बूथ स्तर पर बनेगी 21 सदस्यों की कमेटी, विधानसभावार बनाए प्रभारी, 28 मई तक करना होगा कमेटी का गठन
बूथ स्तर पर बनेगी 21 सदस्यों की कमेटी, विधानसभावार बनाए प्रभारी, 28 मई तक करना होगा कमेटी का गठन
भास्कर संवाददाता | मेड़ता सिटी।
भाजपा ने अपने संगठन को बूथ स्तर पर खड़ा करने की कवायद शुरू कर दी है। इसी कड़ी में आगामी 20 से 28 मई तक जिलेभर 2500 से अधिक बूथों पर कमेटियों का गठन किया जाएगा। प्रत्येक बूथ कमेटी में 21 सदस्यों का मनोनयन किया जाएगा। इसकी प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए प्रत्येक विधानसभा में एक-एक भाजपा नेता को प्रभारी बनाकर जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह निर्णय शुक्रवार को जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित हुई जिलाध्यक्षों की मीटिंग में लिया गया। नागौर जिलाध्यक्ष रामचन्द्र उत्ता के मुंबई में होने के कारण जिला महामंत्री नवरतनमल सिंघवी ने नागौर जिलाध्यक्ष की जगह इस बैठक में भाग लिया। सिंघवी ने बताया कि प्रदेश के समस्त जिलाध्यक्षों व जिला प्रभारियों की संयुक्त बैठक में सभी को 20 से 28 मई के मध्य एक-एक बूथ पर 1-1 कमेटी का गठन करने के लिए निर्देशित किया गया है। बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर अभी से कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां देने पर जोर दिया गया। भाजपा जिला महामंत्री नवरतनमल सिंघवी ने बताया कि बैठक में नागौर जिले के 10 विधानसभाओं में बूथ कमेटियों का गठन करने के लिए विधानसभावार 10 प्रभारी बनाए गए।