श्रीबालाजी क्षेत्र के मकोड़ी गांव में एक व्यक्ति ने अपने ही रिश्तेदार पर फायरिंग कर दी। जिससे एक को गोली लग गई। पसली में गोली लगने के बाद गिरने के बाद खून बहने लगा तो आरोपी युवक फरार हो गया। घायल को उपचार के लिए जेएलएन अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने जोधपुर रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार घायल की तबीयत खतरे से बाहर बताई जा रही है। दोनों पक्ष आपस में रिश्तेदार है। घायल होने वाले व्यक्ति मकोड़ी गांव का ही मूलाराम पुत्र गोरखाराम जाट उम्र 52 है। उस पर उसी के रिश्तेदार खेमाराम पुत्र रामाकिशन जाट ने गोली चला दी। घटना के बाद से ही वह फरार है।
जानकारी है कि पुरानी रंजिश में यह फायरिंग की घटना हुई है। फायरिंग करने वाले युवक का देर रात तक सुराग नहीं मिला है। फायरिंग की सूचना मिलने पर श्रीबालाजी थाना प्रभारी हरलाल मीणा मौके पर पहुंचे। मीणा ने बताया कि मकोड़ी निवासी मूलाराम जाट दोपहर में अपने घर पर था। इस दौरान खेमाराम जाट आया तथा गोली मारकर भाग गया। मूलाराम की फसली में गोली लगी है। फायरिंग की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। थाना प्रभारी मीणा ने बताया कि आरोपी खेमाराम के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई है। घटना के बाद जेएलएन अस्पताल में सीओ सुभाषचंद मिश्रा और कोतवाल सुरेंद्रसिंह जोधा भी पहुंचे।
दोनों के बीच ट्रेन और रेलवे स्टेशन पर भी हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों में हैदराबाद में दुकान में काम करने और रहने को लेकर विवाद हो गया था। जिसके बाद तीन दिन पहले समझाइश के लिए दोनों पक्ष अपने गांव मकोड़ी आए। लेकिन बीच रास्ते ट्रेन में भी विवाद हो गया। इसके बाद जैसे ही नागौर रेलवे स्टेशन पहुंची तो वहां भी विवाद हाे गया। इसके बाद शुक्रवार को दोपहर को परिवारों ने समझाइश के लिए बुलाया तो वहां भी विवाद हो गया।
यहां दोनों में हाथापाई भी हुई। इसके बाद खेमाराम ने मूलाराम पर रिवॉल्वर से फायर कर दिया। जिससे उसके पसली में गोली लग गई। पुलिस को मौके पर गोली का खोल मिला है। घायल और हमलावर अापस में रिश्तेदार है।
नागौर. मकोड़ी में फायरिंग में घायल युवक का जेएलएन में उपचार किया गया।