हड़ताल पर चल रहे मनरेगा संविदाकर्मियों पर अब सरकार ने सख्ती शुरू कर दी है। हड़ताल पर चल रहे 97 संविदाकर्मियों को तीन दिन में काम पर लौटने का नोटिस जारी किया गया है।
तीन दिन में काम पर नहीं लौटने वाले संविदाकर्मियों की सेवाएं समाप्त करने की चेतावनी दी है। इनके अलावा 190 संविदाकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए विकास अधिकारियों और कार्यक्रम अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जवाहर चौधरी ने बताया कि जिले में 305 संविदा कर्मी कार्यरत हैं। इनमें से 287 हड़ताल पर चल रहे हैं। इससे मनरेगा का कामकाज प्रभावित हुआ है। हड़ताल पर चल रहे तीन अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी, 61 जेटीए, 28 लेखा सहायक और 5 ब्लॉक एमआईएस को तीन दिन में काम पर लौटने को कहा है। ऐसा नहीं हुआ तो उनकी सेवा समाप्त की जाएगी। हड़ताल पर चल रहे 190 संविदाकर्मियों पर कार्रवाई के लिए बीडीओ व कार्यक्रम अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।