बाइक फिसलने से गिरी महिला, ट्रैक्टर ने कुचला
मूंडवा आंचलिक | बस स्टैंड से गांधी चौक जाने वाले मुख्य रास्ते पर शुक्रवार को दिन में ओवरटेक करने के प्रयास में एक बाइक फिसल गई। पीछे आ रही निर्माण सामग्री से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली बाइक सवार महिला के ऊपर से निकल गई। इससे महिला की मौत हो गई। जानकारी अनुसार, ईनाणा निवासी भंवरी (42) प|ी रामनारायण जाट व बेटा राजूराम बाइक पर जा रहे थे। आगे चल रही ट्रैक्टर ट्रॉली को ओवरटेक करने के बाद बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों गिर गए। निर्माण सामग्री से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली भंवरी के ऊपर से निकल गई। उसे मूंडवा सीएचसी में उपचार के लिए लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे नागौर और बाद में जोधपुर रैफर कर दिया गया। जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हादसे में राजूराम भी घायल हो गया।