दूजासर में गुरुवार सुबह आग से एक ही परिवार के 5 झोंपड़े जल गए। पास ही खड़ी बाइक व कार भी आग की चपेट में आकर जल गई। सूचना मिलने पर नागौर से दमकल पहुंची। तब तक ग्रामीणों ने जेसीबी से मिट्टी डालकर आग को फैलने से रोका। सूचना मिलने पर पांचौड़ी थाना पुलिस, वीडीओ, सरपंच व पटवारी मौके पर पहुंचे और मुआयना किया।
पुलिस के अनुसार, दूजासर में बुधाराम मेघवाल के 5 झोंपड़े पास-पास बने हुए थे। सुबह करीब 9:30 बजे घर के सभी लोग काम पर गए हुए थे। तभी एक-एक कर पांचों झोंपड़ों में आग लग गई। इससे झोंपड़ों में रखा घरेलू सामान, कपड़े और खाने-पीने का सामान जलकर खाक हो गया। पास ही एक पेड़ के नीचे खड़ी बाइक व कार में आग में जल गई। पीड़ित परिवार के लोगों ने बताया कि आग से 10 क्विंटल बाजरी, 4 क्विंटल गेहूं, 6 क्विंटल मोठ-मूंग, सोने-चांदी के जेवर, वाहनों के दस्तावेज और 70 हजार रुपए नकद भी जल गए। करीब 20 क्विंटल गायों का चारा भी जल गया।दमकलकर्मी शैतानराम ने बताया कि उन्हें सूचना मिलने पर वे दमकल लेकर दूजासर पहुंचे।